Tuesday, 21 August 2018

काल के कपाल पर अमिट अटल

हजारों साल नरगिस अपनी बेनूरी पर रोती है
बड़ी मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा।
अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे ही दीदावर थे, जिन्होंने अपने विलक्षण व्यक्तित्व से चमन को जीवनपर्यन्त गुलज़ार किया | सक्रिय राजनीति से 13-14 वर्षों तक दूर रहने और पिछले १० वर्षों से बीमारी की अवस्था में रहने के कारण नयी पीढ़ी उनके विराट व्यक्तित्व को जानती भी नहीं थी | इसके बावजूद उनके महाप्रयाण पर पीढ़ियों ही नहीं बल्कि सभी तरह की जातीय, धार्मिक और दलीय सीमाएं टूट गई | देश की जनता ने जिस भाव-विह्वलता से अटल जी को अंतिम विदाई दी, वह अतुलनीय था, अविश्वसनीय था |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस शुचिता का जाना है जिसने राजनीति की काली कोठरी में अपने आश्रय के लिए अटल जी दामन थाम रखा था | भारतीय राजनीति से उस गरिमा और प्रतिष्ठा का जाना है, जो समकालीन राजनीति के आचरण एवं चरित्र में अलभ्य है | अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस ईमानदारी और भलमनसाहत का जाना है, जो महज एक वोट से अपनी सरकार गवां देता है लेकिन किसी भी कुत्सित तरीके से परहेज करने पर अडिग रहता है | अटल जी का जाना भारतीय राजनीति एवं साहित्यिक जगत के मुखरित स्वर का मौन हो जाना है। 
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति के उस ध्रुवतारे का अस्त होना है, जो अपनी चमक से भारतीय राजनीति और समाज को कई दशकों से आलोकित करता रहा है |
अटल जी का जाना राजनीति के शिखर पुरूष का जाना है जो भारतीय लोकतंत्र को एक मानवोचित ऊंचाई प्रदान किया करता था |
अटल जी का महाप्रयाण उस महान सपूत का महाप्रयाण है जिसने माँ भारती के कण-कण और बूंद-बूंद को पवित्र और पूजनीय माना और विश्व में मां भारती के मान सम्मान को बुलंदी पर पहुँचाया |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस अनन्य राष्ट्रप्रेमी का जाना है, जो मानता था कि उसकी अस्थियों को नदियों में प्रवाहित कर यदि कान लगाकर सुना जाय तो उससे एक ही आवाज निकलेगी-भारत माता की जय |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस महान देशभक्त का जाना है, जिसने राष्ट्रहितों से कभी समझौता करना स्वीकार नहीं किया और उस प्रहरी का जाना है जिसने तमाम अंतर्राष्ट्रीय दबावों के बावजूद राष्ट्र की सुरक्षा के लिए पोखरण जैसे परीक्षण को अंजाम देकर पुरी दुनिया को हिला दिया ताकि कोई हिदुस्तान की ओर हिकारत की नजरों से देखने की हिमाकत न कर सके | अटल जी की अंतिम यात्रा उस प्रखर राष्ट्रवादी की यात्रा थी, जिसके लिए राष्ट्रवाद विचारधारा, शिगूफा या नारा नहीं, बल्कि एक जीवन शैली थी |

अटल जी का जाना भारतीय राजनीति के उस अजातशत्रु का जाना है, जो अपने विरोधियों को भी अपना मुरीद बना लेता था |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति के उस भीष्म पितामह का जाना है, जिसने अपने भीष्म त्याग और अनन्य समर्पण से राष्ट्र निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस महान कूटनीतिज्ञ का जाना है, जिसने चीन जैसे अक्खड़ देश को भी अपनी अक्खड़ता छोड़ने पर विवश किया |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस आवाज़ का मौन होना है, जिसकी अनुगूँज संसद के गलियारों से लेकर देश के कोने-कोने में प्रतिध्वनित होती है | अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से वाणी के उस जादूगर का जाना है, जो अपनी जादू से जनमानस को सम्मोहित किए रखता था | भारतीय राजनीति से उस जिन्दादिली का जाना है, जो अपने निराले और चुटिले अंदाज से लाखों के जन सैलाब को ठहाके लगाने पर विवश कर देता था | अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस हाजिरजवाबी का जाना है, जो प्रत्युत्तर करने की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ता था |

अटल जी का जाना भारतवर्ष के उस अप्रतिम योद्धा और महानायक का जाना है, जिसे विपरीत परिस्थितियों में हार स्वीकार नहीं था और पराजय को भी विजय के गगन भेदी विश्वास में बदलने की ताकत थी | उस कर्मवीर का जाना है, जो लक्ष्य तक पहुंचे बिना कर्तव्य पथ से विमुख होना नहीं जानता था | उस साहस का जाना है जिसमें 'आंधियों में भी दीये जलाने' की क्षमता थी |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस विकास पुरूष का जाना है, जिसने पूरे देश में डिजिटल क्रांति को जन्म दिया और साथ ही स्वर्णिम चतुर्भुज की धमनियां बिछा दी |
अटल जी का जाना उस संवेदनशील कवि का जाना है, जो अपनी कविताओं से जनमानस को आंदोलित कर देता था| अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस आलोचक का जाना है, जो अपने प्रतिपक्ष की आलोचना में भी इसका ख्याल रखता था कि उसे किसी प्रकार का ठेस न पहुंचे | कभी किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की।
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति के उस महागुरु का जाना है, जिससे कई पीढ़ियों ने राजनीति का ककहरा सीखा है|
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति से उस महामानव का जाना है, जो इंसानों के बीच देवता-तुल्य हुआ करता था |
अटल जी का जाना भारतीय राजनीति के उस यारबाज का जाना है, जो सदैव अटल भरोसे को निभाने का माद्दा रखता था |
अटल जी का जाना उस स्वप्नद्रष्टा का जाना है जो हिंदुस्तान के प्रत्येक नागरिक को गरिमा और मान-सम्मान दिलाना चाहता था, उन्हें खुशहाल देखना चाहता था और दुनिया में वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना का प्रसार देखना चाहता था|












Tuesday, 17 April 2018

भारतीय वांड्मय में कृषि संस्कृति

भारतीय वांड्मय में कृषि संस्कृति.....उत्तम चाकरी से पिकनिक की ओर (हिंदी साहित्य के सन्दर्भ में)
कविता  या साहित्य मनुष्य की सर्जनात्मक अभिव्यक्ति की सबसे प्राचीन विधा है और कृषि कार्य भी एक प्राचीनतम पेशा है। ऐसी स्थिति में प्राचीन ग्रंथों में आदि मानव के इस आदि व्यवसाय से जुडी गतिविधियों का उल्लेख होना स्वाभाविक है | वैदिक वांड्मय में जिस यज्ञ की अभूतपूर्व प्रतिष्ठा रही है, उसकी मुख्य वजह यह रही है कि मनुष्य और देवता सभी का गुजर-बसर यज्ञ पर ही निर्भर करता है | यदि हम यज्ञ के विवरणों पर ध्यान दें, तो पाएंगे कि इसका संबंध कृषि कर्म या उत्पादन पक्ष से था | ब्रीहि(धान), यव (जौ), माण(उड़द),मुदंग (मूंग), गोधूम (गेहूँ), और मसूर आदि अनाजों, जो यज्ञ क्रिया के प्रमुख घटक रहे हैं, का वर्णन आयुर्वेद में मिलता है | इसलिए वेदों में कृषि कार्य को यज्ञ या सर्वश्रेष्ठ कार्य का दर्जा दिया गया है| सभी ऋषि-मुनियों ने कृषि कर्म को सर्वोपरि सम्मान दिया है | वैदिक व्याख्याकार मानते हैं कि राजा जनक कृषि के अधिष्ठाता हैं और सीता कृषि की अधिष्ठातृ देवी हैं। रामविलास शर्मा ने वेदों में खेती करने वाले ऋषि-मुनियों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। विश्व के प्राचीनतम ग्रंथ ऋग्वेद में कृषि का गौरवपूर्ण उल्लेख मिलता है-“अक्षैर्मा दीव्यः कृषिमित्‌ कृषस्व वित्ते रमस्व बहु मन्यमानः। अर्थात जुआ मत खेलो, कृषि करो और सम्मान के साथ धन पाओ।  हमारे समाज में प्रचलित जन-उक्ति कृषि कार्य की श्रेष्ठता को अभिव्यक्त करती है –‘उत्तम खेती मध्यम बान, नीच चाकरी कुक्कर निदान|’ खेती उत्तम इसलिए है क्योंकि इस क्रिया के प्रारंभ होने से अन्न उत्पादित होने तक करोड़ों सूक्ष्म जीवियों से लेकर गाय-बैल आदि पशुओं एवं करोड़ों लोगों का पेट भरता है। गुरुकुलों में राजा और प्रजा दोनों के पुत्र खेती करते हुए ज्ञानार्जन करते थे। अर्थात् ज्ञान और श्रम के बीच कोई दूरी नहीं थी।

इस प्रकार ऋग्वेद एवं उत्तरवैदिक काल में आर्यो का मुख्य व्यवसाय कृषि ही था। यजुर्वेद संहिता में मानसून का वर्णन सल्लिवात के रूप में आता है। शतपथ ब्राह्यण में कृषि की क्रियाओं-जुताई, कटाई, मड़ाई, का उल्लेख मिलता है। कालांतर में वृहत्संहिता, मेघदूत आदि ग्रंथों में महर्षि पाराशर, वराहमिहिर, कश्यप, गर्ग और कालिदास आदि विद्वानों से लेकर भक्तिकालीन साहित्य और रीतिकालीन साहित्य में घाघ और भड्डरी जैसे कवियों ने समय-समय पर कृषि संबंधी अनुभवों और वर्षा एवं मौसम पूर्वानुमान व्यक्त किया हैं। 11वीं शती के 'कृषिपाराशर' नामक ग्रन्थ में जल संसाधनों से सिंचाई के साधनों के सभी विवरण मिलते हैं|

हिंदी साहित्य के इतिहास में कबीर, जायसी, सूर, तुलसी से लेकर जयशंकर प्रसाद, निराला, माखनलाल चतुर्वेदी नागार्जुन, केदारनाथ अग्रवाल, रामधारी सिंह दिनकर, भवानीप्रसाद मिश्र और केदारनाथ सिंह तक के कवियों के साथ-साथ प्रेमचंद, सुदर्शन, रेणू, शिवप्रसाद सिंह, मार्कंडेय, काशीनाथ सिंह, शिवमूर्ति और अमरकांत इत्यादि साहित्यकारों ने किसान को केंद्र में रख कर कृषि कार्यों एवं उससे जुडी समस्याओं और उनके जीवन-यापन के तौर-तरीकों को अपनी रचनाओं में गंभीरता से उकेरा है। किसान-जीवन की ‘मरजाद’ है खेती और उस जीवन का सबसे बड़ा यथार्थ भी है। कबीर ने अपनी आध्यात्मिक चेतना और जीवनानुभूति को बड़ी ही सूक्ष्मता से कृषि संबंधी कार्य-व्यापार से जोड़ा है | उन्होंने कृषि कार्य को साधना प्रक्रिया का समान धर्मी माना है-
“ज्ञान कुदार ले बंजर गोडे, नाम का बीज बुआवै|
सुरतसुरावन नय कर फेरे, ढेला रहन न पावै|
उलटि-पलटि के खेत को जोते, पूर किसान कहावै ||”
कृषि कार्य में बीज की अहम भूमिका है जिसे कबीर ने गूढ़ रूपक द्वारा प्रस्तुत किया है-
“राम नाम करि बोहड़ा, बाहों बीज अघाई
खण्ड ब्रह्माण्ड सूखा परै, तऊ न निष्फल जाई” |
यहाँ बोहड़ा बांस की नलिका होती है जिसके द्वारा बुआई करने से बीज खेत की नीची सतह तक पहुँच जाता है | कृषि कार्य का इतना सूक्ष्म ज्ञान कृषक जीवन से वगैर आत्मीयता के नहीं हो सकता है |
यही नहीं, पशुपालन भारतीय कृषिव्यवस्था का अनिवार्य अंग रहा है जिसकी पूरी प्रक्रिया का समग्र दिग्दर्शन हमें सूर के काव्य में होता है |
                                प्रभु जू यौं कीन्हीं हम खेती
                                बंजर भूमि गाउं हर जोते, अरु जेती की तेती।
                                काम क्रोध दोउ बैल बली मिलि, रज तामस सब कीन्हौं।
                                अति कुबुद्धि मन हांकनहारे, माया जूआ दीन्हौं।
                                इन्द्रिय मूल किसान, महातृन अग्रज बीज बई।
                                जन्म जन्म को विषय वासना, उपजत लता नई।
                                कीजै कृपादृष्टि की बरषा, जन की जाति लुनाई।
                                सूरदास के प्रभु सौ करियै, होई न कान-कटाई।
इस रूपक में खेती से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात, भूमि के गुण-धर्म की पहचान, खेती के साधन, उसकी प्रक्रिया, कठिनाइयाँ आदि सभी आवश्यक बातें आ गई हैं| सूर ने विभिन्न पौधों की प्रकृति और वर्षा से उनके संबंध जैसे गूढ़ ज्ञान के माध्यम से कृष्ण के बिना गोपियों की दशा को अभिव्यक्त किया है– ‘सूखति सूर धान अंकुर सी, बिनु बरसा ज्यों मुल तुई। अर्थात् धान का पौधा पानी की कमी से मुरझाकर मर जाता है। सूर ने प्रेम और योग को एक साथ साधने की व्यर्थता को-सूरदास तीनौ नहिं उपजत धनियाँ धान कुम्हाड़े।– के द्वारा व्यक्त किया है |
तुलसी के काव्य की लोकप्रियता का एक अहम कारण कृषि संबंधी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग है | उन्हें ‘ईति’ अर्थात् फसल को नुकसान करने वाले छह संकटों-अतिवृष्टि, अनावृष्टि, चूहों, टिड्डियों, पक्षियों और राजा के आक्रमण- से कृषि और किसान को होने वाली दुर्दशा का गहरा एहसास था | वे रामचरितमानस के प्रारभ में खलों की विशिष्टता के द्वारा ओले से फसल को होने वाले नुकसान की बाते करते है-“पर अकाजु लगि तनु परिहरहीं। जिमि हिम उपल कृषी दलि गरहीं||”
हम विद्यालयी जीवन से ही रटते आये है कि भारतीय कृषि मानसून के साथ जुआ है | समुचित वर्षा होने पर ही अन्न की उपज ठीक से हो सकती है। अत: वर्षा कब होगी, होगी कि नहीं होगी, कितनी मात्रा में होगी- इसका ज्ञान होना कृषि कर्म के लिए बहुत आवश्यक है। रीतिकालीन कवि घाघ और भड्डरी की कृषि एवं ऋतु संबंधी उक्तियाँ कृषि जीवन में एक ज्योतिष विज्ञान की तरह कार्य करती रही है और करती हैं | इसमें महाकवि घाघ के खेती, सूखा, अतिवृष्टिकृषि कार्य से जुड़े अच्छे एवं स्वस्थ पशुओं की पहचान, अच्छे बीजों की पहचान, कृषि की फसलों की पैदावार कम या अधिक होने के संबंध में तथा फसलों की बुआई, कटाई और मडाई के उपयुक्त समय के बारे में ज्ञान भी होता है | उनकी रचनाओं में बारिश की सटीक भविष्यवाणी देखी जा सकती है-आदि न बरसे अद्रा, हस्त न बरसे निदान। कहै घाघ सुनु घाघिनी, भये किसान-पिसान||” इसीप्रकार जब बरखा चित्रा में होय। सगरी खेती जावै खोय|| अर्थात यदि चित्रा नक्षत्र में वर्षा होती है तो संपूर्ण खेती नष्ट हो जाती है। इसलिए कहा जाता है कि चित्रा नक्षत्र की वर्षा ठीक नहीं होती। यही नहीं, कौन सा अनाज कितनी मात्रा और कितनी दूरी पर बोया जाए, इसका भी  घाघ ने बेहद बारीकी से विवेचन किया है|
आधुनिक काल में मैथिलीशरण गुप्त ‘साकेत’ में होने वाली फसल की स्थिति का जायजा सीता के मुख से लेते है-“कैसी हुई उपज कपास, ईख, धान की?” तब किसान भी अन्न, गुड़ और दूध की वृद्धि की सूचना देते है | छायावादी साहित्य या यों कहा जाय कि आधुनिक हिदी साहित्य भारतीय किसान जीवन के बिना सम्पूर्ण नहीं होता । आधुनिक हिदी साहित्य ने कृषक संस्कृति के विभिन्न पक्षों और उसकी दारुण व्यथा को नए सिरे से साहित्य का विषय बनाया | कामायनी में जिस व्यापक संस्कृति को आधार बनाया गया है उसमें कृषि संस्कृति का व्यापक महत्व है | कृषि-व्यवस्था केवल अर्थव्यवस्था नहीं होती, बल्कि एक मुकम्मल सभ्यता-संस्कृति होती है| निराला का कृषक जीवन से अनन्य सम्बन्ध है, चाहे कविता 'बादल राग' हो या उपन्यास 'बिल्लेसुर बकरिहा’ । एक किसान के लिए बादलों के उमड़-घुमड़ कर बरसने का क्या महत्त्व होता है, इसे 'बादल राग'  में देखा जा सकता है | निराला ने किसानों के कार्य क्षेत्र के बीच सरस्वती की प्रतिष्ठा की है। जिस तरह तुलसी ने अन्नपूर्णा को राजमहलों से निकालकर भूखे-कंगालों के बीच स्थापित किया उसी तरह निराला ने सरस्वती को मंदिरों, पूजा-पाठ के कर्मकांड से बाहर लाकर खेतों-खलिहानों में श्रमजीवी किसानों के सुख-दुख भरे जीवन क्षेत्र में स्थापित किया -
हरी-भरी खेतों की सरस्वती लहराई
मग्न किसानों के घर उन्मद बजी बधाई
प्रेमचंद ने कृषक संस्कृति को साहित्य के केंद्र में प्रतिष्ठित किया और यह सन्देश दिया है कि कृषि-व्यवस्था और किसान के बिना भारतीय संस्कृति का कोई भी विश्लेषण अधूरा होगा। भारत की संस्कृति का मुख्य पक्ष कृषि संस्कृति है जिसे बनाने में किसान-समाज की भूमिका है। उनके पहले तथा उनके बाद किसी भी रचनाकार ने इतने विस्तार से किसान जीवन को आधार बनाकर हिंदी में साहित्य-सृजन नहीं किया। केदार नाथ अग्रवाल की कविता ‘बसंती हवा’ एक साथ महुआ और आम से लेकर अरहर, अलसी और सरसों की फसलों के मिले-जुले नैसर्गिक सौन्दर्य को अभिव्यक्त करती है | बाद में रेणू ने ‘मैला आँचल, जगदीश चन्द्र ने धरती धन न अपना’ और ‘कभी न छोड़े खेत’, शिवप्रसाद सिंह ने ‘अलग-अलग वैतरणी’ और विवेकी राय ने ‘लोकऋण’ में कृषक संस्कृति के विविध और बदलते पहलुओं पर प्रकाश डाला है |

इस प्रकार हिंदी वांडमय प्रारंभ से ही गाँव और किसानी जन-जीवन के साथ-साथ ऋतुओं, फसलों, नदियों, इनसे जुड़े गीतों, पर्व-त्योहारों आदि से जुड़ा हुआ रहा है | लेकिन आज विडम्बना है कि जैसे-जैसे देश की अर्थव्यवस्था और उसके विमर्श में कृषि और किसान हाशिए पर चला गया है वैसे-वैसे हमारे हिंदी साहित्य से ये सब धीरे-धीरे ग़ायब हो रहे हैं| आज का अधिकांश साहित्य नगरों में रहने वाले ऐसे लेखकों द्वारा रचा जा रहा है जो ग्रामीण संस्कृति और इस तरह कृषि संस्कृति से पूरी तरह से कट गए है | इसलिए उनकी रचनाओं से कृषि गतिविधियों के साथ ही ऋतुओं, फसलों, नदियों, इनसे जुड़े गीतों, पर्व-त्योहारों आदि का वर्णन भी पिकनिक मानने जैसा हो गया है |

Thursday, 22 March 2018

जल....... सहज सुलभ प्राकृतिक संसाधन से दुर्लभता की ओर

प्राणी जगत के लिए जल प्रकृति प्रदत्त एक अनमोल उपहार है। राम चरित मानस में जब गोस्वामी तुलसीदास कहते है कि "क्षिति, जल, पावक, गगन, समीरा-पंच तत्व से बना शरीरा" तो जल की महत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है कि मनुष्य सहित पृथ्वी पर रहने वाले सभी जीव-जंतु एवं वनस्पति का अस्तित्व जल के बिना संभव नहीं है। यही नहीं, जल की अमूल्यता इस तथ्य से भी प्रमाणित होती है कि विश्व की सभी संस्कृतियों और सभ्यताओं का जन्म भी प्रमुख नदियों के किनारे ही हुआ था। जल की महत्ता का उल्लेख हमारे प्राचीन वांड्मय में अक्सर हुआ है| जल एक प्राकृतिक एवं अमूल्य संसाधन है जो सजीव जगत की जीविका, खाद्य सुरक्षा और निरंतर विकास का आधार है। यह किसी भी राष्ट्र के आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक विकास एवं प्रगति का एक आधारभूत संकेतक भी है।
बढ़ती आबादी के दबाव, बड़े पैमाने पर शहरीकरण, बढ़ती आर्थिक गतिविधियाँ, उपभोग की बदलती प्रवृत्तियाँ, रहन-सहन के स्तर में सुधार से स्वच्छ पेयजल की बढ़ती माँग, जलवायु परिवर्तन के कारण बारिश की घटती मात्रा, कृषि के लिए सिंचित क्षेत्र के विस्तार एवं जल की अधिकांश माँग करने वाली फसलों की पैदावार आदि से जल की माँग का दायरा बढ़ा है | लेकिन धरती के तीन चौथाई हिस्से पर पानी भरा होने के बावजूद भी महासागरों का पानी खारा होने के कारण हमारे किसी काम का नहीं। धरती पर उपलब्ध पानी का मात्र 2.7% हिस्सा ही मीठा है। मीठे पानी का लगभग 22.6% पानी भूमिगत जल के रूप में है। 52% झीलों और तालाबों में और 1% नदियों में निहित है। इसलिए आज का विश्व जल संकट की समस्या से त्रस्त है। गोल्डमैन सैक्स ने एक बार पानी को अगली शताब्दी का पेट्रोलियमकहा था, जिसके लिए युद्ध भी हो सकते हैं। तीसरी दुनिया के देशों में यह संकट अधिक गंभीर हैं। भारत के कई राज्य जल संकट की त्रासदी भोग रहे हैं। कावेरी से लेकर रावी, व्यास, कृष्णा और कई अन्य नदियों के पानी पर अधिकार को लेकर अनेकों बार हिंसात्मक टकराव हो चुके है। यह विडम्बना है कि सूचना प्रौद्योगिकी में अग्रणी देश होने के बावजूद भारत सभी के लिए जल की व्यवस्था करने में काफी पीछे है। प्राचीन काल से पेय जल के लिए इस्तेमाल होते आ रहे सतही और भूजल जैसे परम्परागत स्रोत सूखते और प्रदूषित होते जा रहे है जबकि आज भी देश में कई बीमारियों का एकमात्र कारण प्रदूषित जल है।
संकट की गम्भीरता का सबसे अधिक असर कृषि और पेयजल की उपलब्धता पर होता है |  देश में उपलब्ध पानी का 80 % खेती में इस्तेमाल होता है जबकि उद्योग इस पानी का 10 % से भी कम इस्तेमाल करते हैं| किन्तु पानी को प्रदूषित करने में उद्योगों का रवैया सबसे अधिक असंवेदनशील है | एक ओर कृषि उत्पादकता में कमी की स्थिति में न केवल किसानों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित होती है, बल्कि देश को अनाज के लिए अन्य देशों से आयात पर निर्भर होना पड़ता है, महंगाई में वृद्धि, आय की विषमता में भी वृद्धि होती है |
लेकिन जल का मौजूदा संकट सिर्फ बारिश की कमी और मांग के बढ़ने की वजह से ही नहीं है, बल्कि समुचित जल प्रबंधन की कमी की सबसे बड़ी भूमिका है | दूसरे शब्दों में संकट का मुख्य कारण भारत में जल के उपयोग की क्षमता का काफी कम होना हैं | भारत में वर्षा से प्रतिवर्ष औसतन 4,000 अरब घन मीटर जल  प्राप्त होता है। लेकिन भंडारण प्रक्रिया की कमी, पर्याप्त बुनियादी ढांचे की कमी, अनुचित जल प्रबंधन के कारण वास्तव में केवल 18-20% जल का ही समुचित उपयोग किया जाता है जबकि कुल वर्षा जल के 5 प्रतिशत से भी कम जल का संरक्षण कर पाते हैं। शेष जल बहकर बर्बाद हो जाता है | जलप्रबंधन के लिए अब तक कोई क्रांतिकारी प्रयास नहीं किए जाने की मुख्य वजह यह रही है कि खनिज संसाधनों की तरह जल के उपयोग और योगदान को सकल घरेलू उत्पाद में जोड़ा नहीं जाता है |
जल प्रबंधन का सरल सिद्धांत यह है कि पानी जहां गिरता है,  उसे आगे बढ़ने से रोकना है| धरती पर गिरने वाले वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को रोका जा सकता है। लेकिन जल निकायों को रिचार्ज करने में असफलता और अनियंत्रित शहरीकरण से जहाँ जल खपत में अनियंत्रित वृद्धि हुई है और उत्सर्जित जल के परिवहन, शोधन एवं निस्तारण करने वाले ढाँचें की अपर्याप्तता से संकट विकराल होता गया है, वहीँ पारम्परिक जल संग्रहण संरचनाओं की उपेक्षा एवं उनकी जलग्रहण क्षमता में कमी के कारण भी हमारी जल-प्रबंधन की प्रक्रिया बाधित हुई है| यही नहीं, असमान बंटवारे और पानी के अवैध इस्तेमाल ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है| मानसून के दौरान दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े नगर हर साल भारी जल जमाव से थम जाते है, लेकिन अभी तक उस पानी को संगृहीत एवं शोधन करके उपयोग में लाने का आधारभूत ढांचा विकसित नहीं हो पाया है|
भारत में जल की अधिक माँग वाली फसलों-धान, गेहूं, गन्ना और कपास- की खेती, नहरों से जल आपूर्ति की अनियमितता के साथ-साथ ही जलस्रोतों पर माफियाओं के कब्जे आदि ने सिंचाई के लिये भूजल पर निर्भरता बढ़ा दी है| यदि भूमिगत जल के दोहन की मौजूदा गति बनी रहती है, तो भारत में 2050 में वर्तमान में उपलब्ध प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पानी का 22% ही उपलब्ध होगा और संभवतः देश पानी आयात करने के लिए मजबूर हो जाएगा। दूसरी ओर नहरों और जलाशयों के जरिये सतह और वर्षा जल का उपयोग करने के लिए पर्याप्त निवेश नहीं किया गया है। नहरों से खेतों तक पहुँचते-पहुँचते लगभग 70 प्रतिशत जल के रिसाव के साथ ही किसानों द्वारा खेतों में आवश्यकता से अधिक पानी भर लेने की प्रवृति से बर्बादी बढ़ती गई है |

कृषि सिंचाई के लिए फव्वारा सिंचाई प्रणाली, ड्रिप-इरीगेशन या टपक सिंचाई पद्धति को विस्तार देने के लिए जिस भारी निवेश की जरूरत है, उससे सरकारें अभी तक बचती रही है | इस विधि के उपयोग द्वारा जल की 30 से 75 प्रतिशत तक बचत की जा सकती है। पानी की हर एक बूंद से अधिक उत्पादन (पर ड्राप मोर क्रॉप) की प्रक्रिया तभी सफलीभूत हो सकती है जब सिंचाई के ढाँचे में आमूल बदलाव किया जाय | शहरों के सीवेज के साथ ही अधिक जल उपयोग वाले उद्योगों को, जो जल उपयोग करने और प्रदूषण रोकने हेतु मानकों का पालन नही करते हैं, जल स्रोतों के रिचार्ज से लेकर इस्तेमाल किए गए जल के शोधन और निस्तारण के लिए बाध्य किया जाना चाहिए| सिंगापुर में 20 फीसदी पेय जल गंदे नालों के पानी को नवीनतम अतिसूक्ष्म फिल्टरों द्वारा शुद्ध बनाकर प्राप्त किया जाता है। चीन कृषि और औद्योगिक कार्यों के लिए नए सोनेके उत्पादन और सरंक्षण को लेकर काफी गंभीर है। पिछले एक दशक मे अमेरिकी मोटर कं फोर्ड मोटर्स ने जीवन-शक्ति पानी के इस्तेमाल को कम करने के लिए वर्ष के प्रत्येक दिन को जल दिवस घोषित कर दिया था । इस प्रकार जल के समुचित प्रबंधन से आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ मानव विकास और विभिन्न क्षेत्रों में पानी के उपयोग के स्तर भी सुनिश्चित होता है| 

Tuesday, 30 January 2018

भारतीय गणतंत्र............भारतीयता की विशिष्ट पहचान


गणतंत्र भारत के लिए कोई नई अवधारणा नहीं है| इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं कि भारत में गणराज्य की परम्परा 600 ईसा पूर्व से पहले से चली आ रही है | ये गणराज्य क्लासिक एथेंस व रोमन गणतंत्र से भी प्राचीन है | पुरातन साहित्य इस तथ्य के साक्ष्य है कि पाणिनि और बुद्ध के काल में अनेक गणराज्य थे। इसमें सबसे उल्लेखनीय है वैशाली (बिहार) का वज्जि और लिच्छवी गणराज्य । ये गणराज्य भारतीय समाज की प्राचीन राजनीतिक परंपराओं के वैचारिक उत्कर्ष थे जो यह साबित करते है कि भले भी वह आज के आधुनिक गणतंत्रों की तरह वयस्‍क मताधिकार पर आधारित नहीं थे लेकिन वह अपने युग में 'विशुद्ध राजतंत्र' के राजनैतिक और सामाजिक विकल्प थे | 1830 के दशक में भारत के गवर्नर जनरल रहे सर चार्ल्स मेटकाफ ने लिखा, ‘ग्रामीण समुदाय कुछ हद तक गणराज्य थे, जो वे चाहते, वे सारी चीजें उनके पास होतीं और किसी भी तरह के विदेश संबंध से वे आजाद थे।ये वही आत्मनिर्भर, स्व-शासित ग्रामीण गणराज्य थेजिन्होंने महान भारतीय सभ्यता की निरंतरता और अस्तित्व को बनाए रखा। इस तरह गणतंत्र भारतवासियों के डीएनए में मौजूद है। यहां तक कि तुर्क और मुग़ल से लेकर सबसे शक्तिशाली ब्रिटिश साम्राज्य भी इसे ध्वस्त नहीं कर सके | पहले साम्राज्यवादी और बाद में वामपंथी इतिहासकारों ने बार-बार यह भ्रम फ़ैलाने की कोशिश की कि भारत एक राजनैतिक इकाई के रूप में सदा 'निरंकुश राजाओं' से शासित रहा है | उनका हित इस परिकल्पना में ही सधता था कि भारतीय समाज अपने में ही खोया हुआ समुदाय रहा है जिसमें आम सहमति से निर्णय लेने का अभाव था |
लेकिन 26 जनवरी को मनाया जाने वाला गणतंत्र का राष्ट्रीय उत्सव पूर्व के गणराज्य से इस अर्थ में गौरवपूर्ण है कि यह त्याग, बलिदान और शहादत से अर्जित किया हुआ गणतंत्र है | यह औपनिवेशिकता के अँधेरे से मुक्त होने के बाद स्वयं को प्रभुता-संपन्न होने की घोषणा का उत्सव है | यह उत्सव मानवहृदय की उस मूल भावना का प्रतीक है कि निरकुंश और असीमित राज्यव्यवस्थाओं वाले साम्राज्यों और सम्राटों के दमन के बावजूद हमारी मूल गणतांत्रिक परंपरा अभी भी अक्षुण्ण है। गणतंत्र का अर्थ वह शासन पद्धति जहाँ राष्ट्रप्रमुख वंशानुगत या तानाशाही तरीके से सत्ता पर कब्जा करके न आया हो बल्कि उसका निर्वाचन सीधे जनता द्वारा या जनता के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाता है | संविधान निर्माताओं को विश्वास था कि भविष्य की आने वाले पीढ़ियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा एक गणतांत्रिक शासन पद्धति में ही सम्भव है क्योंकि वे इस तथ्य से भली-भांति अवगत थे कि यह गणतंत्र भारतवासियों के डीएनए में मौजूद है। इसप्रकार भारतीय गणतंत्र महज एक राजनीतिक चेतना या प्रशासनिक तंत्र नहीं है, बल्कि यह भारत की अपार सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत, धर्म, आपसी सद्भाव, भाईचारा, प्रेम, सच्चाई, अनुभूति और अध्यात्म की वह अंतरयात्रा है, जिससे गुजरकर हर भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है| यह गणतंत्र भारतीयता की उस चेतना से संवलित है जिसके बिना भारतीय नागरिक का अस्तित्व शून्य है|
आजादी पाने के बाद पिछले 70 वर्षों में भारत ने बहुआयामी सामाजिक और आर्थिक प्रगति की है। अपनी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक व नैतिक मूल्यों के साथ पूरी हुई इन 7 दशकों की यात्रा ने पूरी दुनिया के मन में भारत के लिए एक आदर पैदा किया है। कृषि में आत्‍मनिर्भर होने के साथ ही दुनिया के सबसे तेजी से विकासशील देशों की श्रेणी में भारत को शुमार किया जाने लगा है। विगत दिनों दावोस में वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम (WEF) में आर्थिक जगत की वैश्विक ताकतों ने सबसे अधिक भारत की सामर्थ्य और क्षमता के प्रति उम्मीदें जतायी है| भारत की आर्थिक प्रगति और विकास दर के साथ-साथ सांस्कृतिक विशालता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी अन्य विकासशील देशों के लिए प्रेरक तत्व बने हुए हैं। अर्थात् भारत की तरफ देखने का दुनिया का नजरिया बहुत बदला है।
फिर भी वर्तमान परिवेश में ऐसा लगता है गण और तंत्र के बीच संपर्क सूत्र कही विछिन्न सा हो गया है | संविधान का गणतांत्रिक भारत कहीं लुप्त हो रहा है| किसी भी गणतंत्र का संविधान हमें दिशाबोध देता है लेकिन चलने की ऊर्जा और आत्मानुशासन तो हम सब पर निर्भर करता है | किन्तु ऐसा लगता है कि हम भटकते जा रहे है | हमारा आत्मानुशासन कमजोर पड़ता जा रहा है और विकास एवं विश्वास के धीरे-धीरे बढ़ते वृक्ष के बीच भी भ्रष्टाचार और असंवेदनहीनता का विष भी समाज में घुलता जा रहा है | आज देश की अखंडता, समता और सहिष्णुता को खुली चुनौती दी जा रही है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिमायती गण आतंकियों की फांसी पर सवाल खड़े करने वाले, देश को टुकड़े करने का नारा लगाकर देश की गणतांत्रिक ताने-बाने को नष्ट करने का कुचक्र किया जा रहा है | देश के विद्यालयों से नीति शिक्षाओं और सर्वोच्च मानवीय आदर्शों से युक्त प्रार्थनाओं को सांप्रदायिक ठहराने वाले और सत्यमेव जयते के आदर्श से किनारा करने वाले गण से कैसे अपेक्षा की जा सकती है कि वे गणतंत्र को मजबूती प्रदान कर सकेंगे ? सार्वजनिक धन का शर्मनाक हद तक दुरुपयोग, सार्वजनिक भवनों व अन्य संपत्तियों को बपौती मानकर निर्लज्जतापूर्ण उपभोग करने वाले भ्रष्टाचारी क्यों मानवाधिकार प्राप्त करने के अधिकारी हैं? ईमानदारी केवल कागजों में सिमट गई है और भ्रष्टाचरण से पूरा समाज आच्छादित हो गया है। देश के समक्ष आतंकवादी घटनाएं बड़ी चिंता एवं चुनौती का विषय है | देश का अन्नदाता किसान कर्ज के असहनीय बोझ के चलते आत्महत्या करने को विवश है| देश में प्रतिवर्ष हजारों-लाखों टन अनाज देखरेख के अभाव में गोदामों में सड़ जाने की विडंबना के बीच भूख और कुपोषण की समस्या राष्ट्रीय शर्म का विषय बन चुकी है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवायें आम आदमी की पहुँच से बाहर गई हैं | हाल ही छपी एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में अमीरों और गरीबों के बीच खाई इस कदर तेजी से बढ़ी है कि वर्ष 2017 में देश में सृजित संपत्ति का 73% मात्र 1% लोगों के पास चला गया | यह बहुत ही चिंताजनक है कि देश की बाकी बची सिर्फ 27% संपत्ति से सवा अरब लोगों की बुनियादी जरूरतें कैसे पूरी होंगी? गरीबी मनुष्य की गरिमा का अनवरत अपहरण कर रही है | यह गौरवमयी गणतंत्र के लिए बेहद शर्मिन्दगी का विषय है।
साम्प्रदायिक, जातीय, बाज़ारू, घरेलू और सामाजिक स्तर पर लोगों का हिंसात्मक व्यवहार गणतंत्र की सफलता के समक्ष एक कठिन प्रश्नचिन्ह है | यद्यपि अधिकांश भारतीय समाज अहिंसक है लेकिन हमारा समाज पहले के किसी भी समय से अधिक हिंसक हो गया है और लोगों की सहनशीलता, आन्तरिकता और संवेदना का इस कदर क्षरण होता जा रहा है कि मानवीय गरिमा ही धूमिल होती जा रही है | हमारे संविधान निर्माताओं द्वारा गणतंत्र की परिकल्पना और उसकी स्थापना के पीछे मूल दर्शन यह था कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी भीतर निहित समस्त सकारात्मक संभावनाओं के विकास के लिए एक समान अनुकूल वातावरण मिल सके, जिसे राज्य और जन के बीच पारस्परिकता के बिना गणतंत्र को सशक्त नहीं किया जा सकता  है |


Monday, 22 January 2018

स्वामी विवेकानंद..........भारतीय संस्कृति का वैश्विक प्रवक्ता


19 वीं शताब्दी में भारत में धार्मिक और सामाजिक सुधार की मोटे तौर पर दो धाराएँ थी | जिसमें एक के अग्रदूत राजा राम मोहन राय थे जो आधुनिकता चेतना और सुधार के पश्चिमी प्रारूप के समर्थक थे और प्राच्य शिक्षा एवं ज्ञान को आधुनिक चेतना के विकास में बाधक मानते थे | इसके विपरीत अन्य धारा थी जो परंपरागत धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को पुनर्गठित और संस्कारों को परिष्कार करना चाहते थे | इस धारा के प्रतिनिधि स्वामी दयानंद थे | दोनों ही धाराएँ अपने अपने दृष्टिकोण से भारतीय समाज की बुराइयों और कुरीतियों से संघर्ष कर रही थी | लेकिन स्वामी विवेकानंद इन दोनों ध्रुवों से अलग भारतीय जीवन और दर्शन को उसकी सम्पूर्णता देखते हुए और युगीन सन्दर्भों में व्याख्यायित करते हुए राष्ट्रीय चरित्र से जोड़ने का प्रयत्न किया | मानवतावाद, विश्व-बंधुत्व और वसुधैव कुटुम्बकम की उनकी परिकल्पना देश की परम्पराओं और गहरे यथार्थ बोध से विकसित है | भारतीय समाज के साथ-साथ विश्व समाज को भी भारत के सनातन मूल्यों से अवगत कराकर इतिहास के पन्नों में वे ऐसे महान व्यक्तित्व के रूप में अंकित हुए जिसने अपने ओजस्वी विचारो के द्वारा दुनिया के पटल पर भारत का नाम बुलंदियों के शिखर पर पहुँचाया ।
स्वामी विवेकानंद असीम ऊर्जा और विराट विद्वता के अद्भुत संगम थे| असीम एवं रहस्यमयी ऊर्जा उन्हें अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस से मिली थी जबकि उनकी विद्वता का स्रोत भारतीय ऋषियों द्वारा युगों से विकसित विराट विरासत है | उनके मानस-पटल पर भारत का स्वर्णिम अतीत अंकित तो था ही, साथ ही वे अपने युग की पराधीनता की पीड़ा तथा उसके परिणामस्वरूप घटित आर्थिक दुर्दशा, सामाजिक विघटन और सांस्कृतिक अध:पतन से भी चिन्तित थे।  औपनिवेशिक राज के दौरान राजनीतिक के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और धार्मिक सभी स्तरों पर भारतीय समाज जड़ता और पतन के गर्त में पहुँच गया था | इसके ऊपर कथित रूप से पाश्चात्य संस्कृति की सर्वश्रेष्ठता की भावना और भारतीय संस्कृति को लेकर हीनता की ग्रंथि से भारतीय समाज ग्रस्त हो चुका था, जिससे बाहर निकालने, देश के नागरिकों में अपनी संस्कृति की महानता के प्रति सम्मान की भावना को पुनः स्थापित करने के लिए और राष्ट्रीयता के विकास के लिए विवेकानंद प्रथमतः देश और समाज को शिक्षित करना चाहते थे | उनका मत था कि देश की जनता को दो तरह के ज्ञान की आवश्यकता है-सांसारिक ज्ञान, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो तथा आध्यात्मिक ज्ञान, जिससे उनका आत्मविश्वास मजबूत हो। वे मैकाले द्वारा प्रतिपादित शिक्षा व्यवस्था के विरोधी थे| उनके लिए  शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करना है। स्वामी विवेकानंद ने प्रचलित शिक्षा को 'निषेधात्मक शिक्षा' की संज्ञा देते हुए कहा है कि जो शिक्षा जनसाधारण को जीवन संघर्ष के लिए तैयार नहीं करती, जो चरित्र निर्माण नहीं करती, जो समाज सेवा की भावना विकसित नहीं करती तथा जो शेर जैसा साहस पैदा नहीं कर सकती, ऐसी शिक्षा से क्या लाभउनका दृढ़ विश्वास था कि देश की भौतिक समृद्धि उतना ही आवश्यक है जितना व्यक्ति और समाज की आध्यात्मिक उन्नति। वे प्राय: कहा करते थे-रोटी का प्रश्न हल किये बिना भूखे मनुष्य धार्मिक नहीं बनाये जा सकते। इसलिए रोटी का प्रश्न हल करने का नया मार्ग बताना सबसे मुख्य और सबसे पहला कर्तव्य है|
स्वामी विवेकानंद के विचार, दर्शन और आदर्श भारत की अमूल्य सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर हैं।  उनके विचार और दर्शन 40 वर्ष से भी कम आयु में ही व्यक्त किए गए है | उन्होंने हमेशा युवाओं पर अपना ध्यान केंद्रित किया और अपनी ओजस्वी वाणी से युवाओं को उत्साहित किया | यही कारण है कि देश की समृद्ध ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने और नेतृत्व करने के द्वारा देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिये भारतीय सरकार ने स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रुप में मनाने का फैसला किया था। युवा दिवस के रूप में उनके जन्मदिवस का चुनाव करने के पीछे भारत सरकार का विचार था कि स्वामी विवेकानंद का दर्शन एवं उनका जीवन भारतीय युवकों की असीम ऊर्जा को जागृत करने के लिए प्रेरणा का बहुत बड़ा स्रोत हो सकता है|
धर्म को लेकर स्वामी विवेकानंद का मंतव्य बिल्कुल स्पष्ट था| उनका मानना था कि धर्म के मूल लक्ष्य के विषय में सभी धर्म एकमत हैं। आत्मा की भाषा एक है जबकि राष्ट्रों की भाषाएँ विभिन्न हैं, उनकी परम्परायें और जीने की शैली भिन्न है। धर्म आत्मा से सम्बन्धित है लेकिन वह विभिन्न राष्ट्रों, भाषाओं और परम्पराओं के माध्यम से प्रकट होता है। इस प्रकार यह स्पष्ट है कि संसार के सभी धर्मों में मूल आधार एकता है, यद्यपि उसके स्वरूप भिन्न-भिन्न हैं। विवेकानंद पुरोहितवाद, धार्मिक आडम्बरों, कठमुल्लापन और रूढ़ियों के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने धर्म को मनुष्य की सेवा के केन्द्र में रखकर ही आध्यात्मिक चिंतन किया था। उनके लिए मानव सेवा ही र्इश्वर सेवा था । वह भगवान ही रोगी मनुष्य, दरिद्र मनुष्य और सब प्रकार के मनुष्यों के रूप में तुम्हारे सामने खड़ा है। इसलिए उन्होंने कहा-तुम्हें सिखाया गया है कि अतिथि देवो भव, मातश् देवो भव, पितश् देवो भव, पर अब मैं तुमसे कहता हूँ दरिद्र देवो भव|
स्वामी विवेकानंद का हिन्दू धर्म के साथ-साथ वेदों और उपनिषदों पर अटूट विश्वास था। शिकागो में 1893 में शिकागो धर्म सम्मलेन में उन्होंने भारत को "हिन्दू राष्ट्र " के नाम से सम्बोधित करते हुए हिन्दू धर्म एवं संस्कृति और भारत की आध्यात्मिक परम्परा की श्रेष्ठता को पूरी दुनिया में स्थापित किया | विश्व धर्म सम्मेलन में कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे धर्म से हूं, जिसने दुनिया को सहनशीलता और सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया है। अपनी वाणी की तेजस्विता से सबको बहा ले जाने की अद्भुत क्षमता को देखते हुए धर्म संसद के प्रतिनिधियों ने उनका उल्लेख ‘भारत के तूफानी साधु’ के रूप में किया है | उनके द्वारा वेदान्त दर्शन की गई सार्वभौमिक व्याख्या भारतीय दर्शन की एक अनमोल धरोहर है। वे वेदांत के ज्ञान को सदियों से शास्त्रीयता के खोल से मुक्त करना चाहते थे और सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन में पहुँचाना चाहते थे | हार्वर्ड विश्वविद्यालय के एक व्याख्यान में उन्होंने कहा था-अमूर्त अद्वैत का हमारे दैनन्दिन जीवन में जीवंत-काव्यात्मक-हो जाना आवश्यक है, अत्यधिक जटिल पौराणिकता में से मूर्त नैतिक रूप निकलने चाहिए | इसप्रकार अपने नव्य वेदान्त दर्शन में उन्होंने आधुनिक वैज्ञानिक खोजों तथा समकालीन विचारों को स्थान दिया। स्वामी विवेकानंद धर्म को भारत जीवन, समाज और राष्ट्र का प्रधान-स्वर मानते हैं। वे मानते थे कि यदि कोर्इ राष्ट्र अपनी स्वभाविक जीवन शक्ति को दूर फेंक देने की चेष्टा करे तो वह राष्ट्र काल-कवलित हो जाता है।
स्वामी विवेकानंद ने अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण के उपदेशों और शिक्षाओं का प्रसार करने के लिए पूरे भारत का तूफानी भ्रमण किया और पूरे देश के राग-रंग को अपने भीतर समेट लिया था | यह अन्यायास नहीं था कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने विवेकानंद के जीवनीकार रोमां रोलां से कहा था—यदि आप भारत को जानना चाहते हैं, तो विवेकानंद का अध्ययन करना चाहिए | उनमें आप सब कुछ सकारात्मक ही पाएंगे |” विवेकानंद की समझाने वाली विचार शैली में बहुमुखी संवेदनशीलता प्रकट होती है | "लाइफ ऑव विवेकानंद ऐंड दि युनिवर्सल गास्पेल में रोमां रोलां लिखते है कि विवेकानंद के शब्दों में महान संगीत है, बिटोवेन की शैली के स्वर समूह, हैंडल के समवेत गीतों जैसी स्फूर्तिदायक लयें हैं|” जो भावुकता पैदा नहीं करती हैं बल्कि चेतना का स्पंदित करती है |