Tuesday, 17 April 2018

भारतीय वांड्मय में कृषि संस्कृति

भारतीय वांड्मय में कृषि संस्कृति.....उत्तम चाकरी से पिकनिक की ओर (हिंदी साहित्य के सन्दर्भ में)
कविता  या साहित्य मनुष्य की सर्जनात्मक अभिव्यक्ति की सबसे प्राचीन विधा है और कृषि कार्य भी एक प्राचीनतम पेशा है। ऐसी स्थिति में प्राचीन ग्रंथों में आदि मानव के इस आदि व्यवसाय से जुडी गतिविधियों का उल्लेख होना स्वाभाविक है | वैदिक वांड्मय में जिस यज्ञ की अभूतपूर्व प्रतिष्ठा रही है, उसकी मुख्य वजह यह रही है कि मनुष्य और देवता सभी का गुजर-बसर यज्ञ पर ही निर्भर करता है | यदि हम यज्ञ के विवरणों पर ध्यान दें, तो पाएंगे कि इसका संबंध कृषि कर्म या उत्पादन पक्ष से था | ब्रीहि(धान), यव (जौ), माण(उड़द),मुदंग (मूंग), गोधूम (गेहूँ), और मसूर आदि अनाजों, जो यज्ञ क्रिया के प्रमुख घटक रहे हैं, का वर्णन आयुर्वेद में मिलता है | इसलिए वेदों में कृषि कार्य को यज्ञ या सर्वश्रेष्ठ कार्य का दर्जा दिया गया है| सभी ऋषि-मुनियों ने कृषि कर्म को सर्वोपरि सम्मान दिया है | वैदिक व्याख्याकार मानते हैं कि राजा जनक कृषि के अधिष्ठाता हैं और सीता कृषि की अधिष्ठातृ देवी हैं। रामविलास शर्मा ने वेदों में खेती करने वाले ऋषि-मुनियों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। विश्व के प्राचीनतम ग्रंथ ऋग्वेद में कृषि का गौरवपूर्ण उल्लेख मिलता है-“अक्षैर्मा दीव्यः कृषिमित्‌ कृषस्व वित्ते रमस्व बहु मन्यमानः। अर्थात जुआ मत खेलो, कृषि करो और सम्मान के साथ धन पाओ।  हमारे समाज में प्रचलित जन-उक्ति कृषि कार्य की श्रेष्ठता को अभिव्यक्त करती है –‘उत्तम खेती मध्यम बान, नीच चाकरी कुक्कर निदान|’ खेती उत्तम इसलिए है क्योंकि इस क्रिया के प्रारंभ होने से अन्न उत्पादित होने तक करोड़ों सूक्ष्म जीवियों से लेकर गाय-बैल आदि पशुओं एवं करोड़ों लोगों का पेट भरता है। गुरुकुलों में राजा और प्रजा दोनों के पुत्र खेती करते हुए ज्ञानार्जन करते थे। अर्थात् ज्ञान और श्रम के बीच कोई दूरी नहीं थी।

इस प्रकार ऋग्वेद एवं उत्तरवैदिक काल में आर्यो का मुख्य व्यवसाय कृषि ही था। यजुर्वेद संहिता में मानसून का वर्णन सल्लिवात के रूप में आता है। शतपथ ब्राह्यण में कृषि की क्रियाओं-जुताई, कटाई, मड़ाई, का उल्लेख मिलता है। कालांतर में वृहत्संहिता, मेघदूत आदि ग्रंथों में महर्षि पाराशर, वराहमिहिर, कश्यप, गर्ग और कालिदास आदि विद्वानों से लेकर भक्तिकालीन साहित्य और रीतिकालीन साहित्य में घाघ और भड्डरी जैसे कवियों ने समय-समय पर कृषि संबंधी अनुभवों और वर्षा एवं मौसम पूर्वानुमान व्यक्त किया हैं। 11वीं शती के 'कृषिपाराशर' नामक ग्रन्थ में जल संसाधनों से सिंचाई के साधनों के सभी विवरण मिलते हैं|

हिंदी साहित्य के इतिहास में कबीर, जायसी, सूर, तुलसी से लेकर जयशंकर प्रसाद, निराला, माखनलाल चतुर्वेदी नागार्जुन, केदारनाथ अग्रवाल, रामधारी सिंह दिनकर, भवानीप्रसाद मिश्र और केदारनाथ सिंह तक के कवियों के साथ-साथ प्रेमचंद, सुदर्शन, रेणू, शिवप्रसाद सिंह, मार्कंडेय, काशीनाथ सिंह, शिवमूर्ति और अमरकांत इत्यादि साहित्यकारों ने किसान को केंद्र में रख कर कृषि कार्यों एवं उससे जुडी समस्याओं और उनके जीवन-यापन के तौर-तरीकों को अपनी रचनाओं में गंभीरता से उकेरा है। किसान-जीवन की ‘मरजाद’ है खेती और उस जीवन का सबसे बड़ा यथार्थ भी है। कबीर ने अपनी आध्यात्मिक चेतना और जीवनानुभूति को बड़ी ही सूक्ष्मता से कृषि संबंधी कार्य-व्यापार से जोड़ा है | उन्होंने कृषि कार्य को साधना प्रक्रिया का समान धर्मी माना है-
“ज्ञान कुदार ले बंजर गोडे, नाम का बीज बुआवै|
सुरतसुरावन नय कर फेरे, ढेला रहन न पावै|
उलटि-पलटि के खेत को जोते, पूर किसान कहावै ||”
कृषि कार्य में बीज की अहम भूमिका है जिसे कबीर ने गूढ़ रूपक द्वारा प्रस्तुत किया है-
“राम नाम करि बोहड़ा, बाहों बीज अघाई
खण्ड ब्रह्माण्ड सूखा परै, तऊ न निष्फल जाई” |
यहाँ बोहड़ा बांस की नलिका होती है जिसके द्वारा बुआई करने से बीज खेत की नीची सतह तक पहुँच जाता है | कृषि कार्य का इतना सूक्ष्म ज्ञान कृषक जीवन से वगैर आत्मीयता के नहीं हो सकता है |
यही नहीं, पशुपालन भारतीय कृषिव्यवस्था का अनिवार्य अंग रहा है जिसकी पूरी प्रक्रिया का समग्र दिग्दर्शन हमें सूर के काव्य में होता है |
                                प्रभु जू यौं कीन्हीं हम खेती
                                बंजर भूमि गाउं हर जोते, अरु जेती की तेती।
                                काम क्रोध दोउ बैल बली मिलि, रज तामस सब कीन्हौं।
                                अति कुबुद्धि मन हांकनहारे, माया जूआ दीन्हौं।
                                इन्द्रिय मूल किसान, महातृन अग्रज बीज बई।
                                जन्म जन्म को विषय वासना, उपजत लता नई।
                                कीजै कृपादृष्टि की बरषा, जन की जाति लुनाई।
                                सूरदास के प्रभु सौ करियै, होई न कान-कटाई।
इस रूपक में खेती से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात, भूमि के गुण-धर्म की पहचान, खेती के साधन, उसकी प्रक्रिया, कठिनाइयाँ आदि सभी आवश्यक बातें आ गई हैं| सूर ने विभिन्न पौधों की प्रकृति और वर्षा से उनके संबंध जैसे गूढ़ ज्ञान के माध्यम से कृष्ण के बिना गोपियों की दशा को अभिव्यक्त किया है– ‘सूखति सूर धान अंकुर सी, बिनु बरसा ज्यों मुल तुई। अर्थात् धान का पौधा पानी की कमी से मुरझाकर मर जाता है। सूर ने प्रेम और योग को एक साथ साधने की व्यर्थता को-सूरदास तीनौ नहिं उपजत धनियाँ धान कुम्हाड़े।– के द्वारा व्यक्त किया है |
तुलसी के काव्य की लोकप्रियता का एक अहम कारण कृषि संबंधी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग है | उन्हें ‘ईति’ अर्थात् फसल को नुकसान करने वाले छह संकटों-अतिवृष्टि, अनावृष्टि, चूहों, टिड्डियों, पक्षियों और राजा के आक्रमण- से कृषि और किसान को होने वाली दुर्दशा का गहरा एहसास था | वे रामचरितमानस के प्रारभ में खलों की विशिष्टता के द्वारा ओले से फसल को होने वाले नुकसान की बाते करते है-“पर अकाजु लगि तनु परिहरहीं। जिमि हिम उपल कृषी दलि गरहीं||”
हम विद्यालयी जीवन से ही रटते आये है कि भारतीय कृषि मानसून के साथ जुआ है | समुचित वर्षा होने पर ही अन्न की उपज ठीक से हो सकती है। अत: वर्षा कब होगी, होगी कि नहीं होगी, कितनी मात्रा में होगी- इसका ज्ञान होना कृषि कर्म के लिए बहुत आवश्यक है। रीतिकालीन कवि घाघ और भड्डरी की कृषि एवं ऋतु संबंधी उक्तियाँ कृषि जीवन में एक ज्योतिष विज्ञान की तरह कार्य करती रही है और करती हैं | इसमें महाकवि घाघ के खेती, सूखा, अतिवृष्टिकृषि कार्य से जुड़े अच्छे एवं स्वस्थ पशुओं की पहचान, अच्छे बीजों की पहचान, कृषि की फसलों की पैदावार कम या अधिक होने के संबंध में तथा फसलों की बुआई, कटाई और मडाई के उपयुक्त समय के बारे में ज्ञान भी होता है | उनकी रचनाओं में बारिश की सटीक भविष्यवाणी देखी जा सकती है-आदि न बरसे अद्रा, हस्त न बरसे निदान। कहै घाघ सुनु घाघिनी, भये किसान-पिसान||” इसीप्रकार जब बरखा चित्रा में होय। सगरी खेती जावै खोय|| अर्थात यदि चित्रा नक्षत्र में वर्षा होती है तो संपूर्ण खेती नष्ट हो जाती है। इसलिए कहा जाता है कि चित्रा नक्षत्र की वर्षा ठीक नहीं होती। यही नहीं, कौन सा अनाज कितनी मात्रा और कितनी दूरी पर बोया जाए, इसका भी  घाघ ने बेहद बारीकी से विवेचन किया है|
आधुनिक काल में मैथिलीशरण गुप्त ‘साकेत’ में होने वाली फसल की स्थिति का जायजा सीता के मुख से लेते है-“कैसी हुई उपज कपास, ईख, धान की?” तब किसान भी अन्न, गुड़ और दूध की वृद्धि की सूचना देते है | छायावादी साहित्य या यों कहा जाय कि आधुनिक हिदी साहित्य भारतीय किसान जीवन के बिना सम्पूर्ण नहीं होता । आधुनिक हिदी साहित्य ने कृषक संस्कृति के विभिन्न पक्षों और उसकी दारुण व्यथा को नए सिरे से साहित्य का विषय बनाया | कामायनी में जिस व्यापक संस्कृति को आधार बनाया गया है उसमें कृषि संस्कृति का व्यापक महत्व है | कृषि-व्यवस्था केवल अर्थव्यवस्था नहीं होती, बल्कि एक मुकम्मल सभ्यता-संस्कृति होती है| निराला का कृषक जीवन से अनन्य सम्बन्ध है, चाहे कविता 'बादल राग' हो या उपन्यास 'बिल्लेसुर बकरिहा’ । एक किसान के लिए बादलों के उमड़-घुमड़ कर बरसने का क्या महत्त्व होता है, इसे 'बादल राग'  में देखा जा सकता है | निराला ने किसानों के कार्य क्षेत्र के बीच सरस्वती की प्रतिष्ठा की है। जिस तरह तुलसी ने अन्नपूर्णा को राजमहलों से निकालकर भूखे-कंगालों के बीच स्थापित किया उसी तरह निराला ने सरस्वती को मंदिरों, पूजा-पाठ के कर्मकांड से बाहर लाकर खेतों-खलिहानों में श्रमजीवी किसानों के सुख-दुख भरे जीवन क्षेत्र में स्थापित किया -
हरी-भरी खेतों की सरस्वती लहराई
मग्न किसानों के घर उन्मद बजी बधाई
प्रेमचंद ने कृषक संस्कृति को साहित्य के केंद्र में प्रतिष्ठित किया और यह सन्देश दिया है कि कृषि-व्यवस्था और किसान के बिना भारतीय संस्कृति का कोई भी विश्लेषण अधूरा होगा। भारत की संस्कृति का मुख्य पक्ष कृषि संस्कृति है जिसे बनाने में किसान-समाज की भूमिका है। उनके पहले तथा उनके बाद किसी भी रचनाकार ने इतने विस्तार से किसान जीवन को आधार बनाकर हिंदी में साहित्य-सृजन नहीं किया। केदार नाथ अग्रवाल की कविता ‘बसंती हवा’ एक साथ महुआ और आम से लेकर अरहर, अलसी और सरसों की फसलों के मिले-जुले नैसर्गिक सौन्दर्य को अभिव्यक्त करती है | बाद में रेणू ने ‘मैला आँचल, जगदीश चन्द्र ने धरती धन न अपना’ और ‘कभी न छोड़े खेत’, शिवप्रसाद सिंह ने ‘अलग-अलग वैतरणी’ और विवेकी राय ने ‘लोकऋण’ में कृषक संस्कृति के विविध और बदलते पहलुओं पर प्रकाश डाला है |

इस प्रकार हिंदी वांडमय प्रारंभ से ही गाँव और किसानी जन-जीवन के साथ-साथ ऋतुओं, फसलों, नदियों, इनसे जुड़े गीतों, पर्व-त्योहारों आदि से जुड़ा हुआ रहा है | लेकिन आज विडम्बना है कि जैसे-जैसे देश की अर्थव्यवस्था और उसके विमर्श में कृषि और किसान हाशिए पर चला गया है वैसे-वैसे हमारे हिंदी साहित्य से ये सब धीरे-धीरे ग़ायब हो रहे हैं| आज का अधिकांश साहित्य नगरों में रहने वाले ऐसे लेखकों द्वारा रचा जा रहा है जो ग्रामीण संस्कृति और इस तरह कृषि संस्कृति से पूरी तरह से कट गए है | इसलिए उनकी रचनाओं से कृषि गतिविधियों के साथ ही ऋतुओं, फसलों, नदियों, इनसे जुड़े गीतों, पर्व-त्योहारों आदि का वर्णन भी पिकनिक मानने जैसा हो गया है |

Thursday, 22 March 2018

जल....... सहज सुलभ प्राकृतिक संसाधन से दुर्लभता की ओर

प्राणी जगत के लिए जल प्रकृति प्रदत्त एक अनमोल उपहार है। राम चरित मानस में जब गोस्वामी तुलसीदास कहते है कि "क्षिति, जल, पावक, गगन, समीरा-पंच तत्व से बना शरीरा" तो जल की महत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है कि मनुष्य सहित पृथ्वी पर रहने वाले सभी जीव-जंतु एवं वनस्पति का अस्तित्व जल के बिना संभव नहीं है। यही नहीं, जल की अमूल्यता इस तथ्य से भी प्रमाणित होती है कि विश्व की सभी संस्कृतियों और सभ्यताओं का जन्म भी प्रमुख नदियों के किनारे ही हुआ था। जल की महत्ता का उल्लेख हमारे प्राचीन वांड्मय में अक्सर हुआ है| जल एक प्राकृतिक एवं अमूल्य संसाधन है जो सजीव जगत की जीविका, खाद्य सुरक्षा और निरंतर विकास का आधार है। यह किसी भी राष्ट्र के आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक विकास एवं प्रगति का एक आधारभूत संकेतक भी है।
बढ़ती आबादी के दबाव, बड़े पैमाने पर शहरीकरण, बढ़ती आर्थिक गतिविधियाँ, उपभोग की बदलती प्रवृत्तियाँ, रहन-सहन के स्तर में सुधार से स्वच्छ पेयजल की बढ़ती माँग, जलवायु परिवर्तन के कारण बारिश की घटती मात्रा, कृषि के लिए सिंचित क्षेत्र के विस्तार एवं जल की अधिकांश माँग करने वाली फसलों की पैदावार आदि से जल की माँग का दायरा बढ़ा है | लेकिन धरती के तीन चौथाई हिस्से पर पानी भरा होने के बावजूद भी महासागरों का पानी खारा होने के कारण हमारे किसी काम का नहीं। धरती पर उपलब्ध पानी का मात्र 2.7% हिस्सा ही मीठा है। मीठे पानी का लगभग 22.6% पानी भूमिगत जल के रूप में है। 52% झीलों और तालाबों में और 1% नदियों में निहित है। इसलिए आज का विश्व जल संकट की समस्या से त्रस्त है। गोल्डमैन सैक्स ने एक बार पानी को अगली शताब्दी का पेट्रोलियमकहा था, जिसके लिए युद्ध भी हो सकते हैं। तीसरी दुनिया के देशों में यह संकट अधिक गंभीर हैं। भारत के कई राज्य जल संकट की त्रासदी भोग रहे हैं। कावेरी से लेकर रावी, व्यास, कृष्णा और कई अन्य नदियों के पानी पर अधिकार को लेकर अनेकों बार हिंसात्मक टकराव हो चुके है। यह विडम्बना है कि सूचना प्रौद्योगिकी में अग्रणी देश होने के बावजूद भारत सभी के लिए जल की व्यवस्था करने में काफी पीछे है। प्राचीन काल से पेय जल के लिए इस्तेमाल होते आ रहे सतही और भूजल जैसे परम्परागत स्रोत सूखते और प्रदूषित होते जा रहे है जबकि आज भी देश में कई बीमारियों का एकमात्र कारण प्रदूषित जल है।
संकट की गम्भीरता का सबसे अधिक असर कृषि और पेयजल की उपलब्धता पर होता है |  देश में उपलब्ध पानी का 80 % खेती में इस्तेमाल होता है जबकि उद्योग इस पानी का 10 % से भी कम इस्तेमाल करते हैं| किन्तु पानी को प्रदूषित करने में उद्योगों का रवैया सबसे अधिक असंवेदनशील है | एक ओर कृषि उत्पादकता में कमी की स्थिति में न केवल किसानों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित होती है, बल्कि देश को अनाज के लिए अन्य देशों से आयात पर निर्भर होना पड़ता है, महंगाई में वृद्धि, आय की विषमता में भी वृद्धि होती है |
लेकिन जल का मौजूदा संकट सिर्फ बारिश की कमी और मांग के बढ़ने की वजह से ही नहीं है, बल्कि समुचित जल प्रबंधन की कमी की सबसे बड़ी भूमिका है | दूसरे शब्दों में संकट का मुख्य कारण भारत में जल के उपयोग की क्षमता का काफी कम होना हैं | भारत में वर्षा से प्रतिवर्ष औसतन 4,000 अरब घन मीटर जल  प्राप्त होता है। लेकिन भंडारण प्रक्रिया की कमी, पर्याप्त बुनियादी ढांचे की कमी, अनुचित जल प्रबंधन के कारण वास्तव में केवल 18-20% जल का ही समुचित उपयोग किया जाता है जबकि कुल वर्षा जल के 5 प्रतिशत से भी कम जल का संरक्षण कर पाते हैं। शेष जल बहकर बर्बाद हो जाता है | जलप्रबंधन के लिए अब तक कोई क्रांतिकारी प्रयास नहीं किए जाने की मुख्य वजह यह रही है कि खनिज संसाधनों की तरह जल के उपयोग और योगदान को सकल घरेलू उत्पाद में जोड़ा नहीं जाता है |
जल प्रबंधन का सरल सिद्धांत यह है कि पानी जहां गिरता है,  उसे आगे बढ़ने से रोकना है| धरती पर गिरने वाले वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को रोका जा सकता है। लेकिन जल निकायों को रिचार्ज करने में असफलता और अनियंत्रित शहरीकरण से जहाँ जल खपत में अनियंत्रित वृद्धि हुई है और उत्सर्जित जल के परिवहन, शोधन एवं निस्तारण करने वाले ढाँचें की अपर्याप्तता से संकट विकराल होता गया है, वहीँ पारम्परिक जल संग्रहण संरचनाओं की उपेक्षा एवं उनकी जलग्रहण क्षमता में कमी के कारण भी हमारी जल-प्रबंधन की प्रक्रिया बाधित हुई है| यही नहीं, असमान बंटवारे और पानी के अवैध इस्तेमाल ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है| मानसून के दौरान दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े नगर हर साल भारी जल जमाव से थम जाते है, लेकिन अभी तक उस पानी को संगृहीत एवं शोधन करके उपयोग में लाने का आधारभूत ढांचा विकसित नहीं हो पाया है|
भारत में जल की अधिक माँग वाली फसलों-धान, गेहूं, गन्ना और कपास- की खेती, नहरों से जल आपूर्ति की अनियमितता के साथ-साथ ही जलस्रोतों पर माफियाओं के कब्जे आदि ने सिंचाई के लिये भूजल पर निर्भरता बढ़ा दी है| यदि भूमिगत जल के दोहन की मौजूदा गति बनी रहती है, तो भारत में 2050 में वर्तमान में उपलब्ध प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पानी का 22% ही उपलब्ध होगा और संभवतः देश पानी आयात करने के लिए मजबूर हो जाएगा। दूसरी ओर नहरों और जलाशयों के जरिये सतह और वर्षा जल का उपयोग करने के लिए पर्याप्त निवेश नहीं किया गया है। नहरों से खेतों तक पहुँचते-पहुँचते लगभग 70 प्रतिशत जल के रिसाव के साथ ही किसानों द्वारा खेतों में आवश्यकता से अधिक पानी भर लेने की प्रवृति से बर्बादी बढ़ती गई है |

कृषि सिंचाई के लिए फव्वारा सिंचाई प्रणाली, ड्रिप-इरीगेशन या टपक सिंचाई पद्धति को विस्तार देने के लिए जिस भारी निवेश की जरूरत है, उससे सरकारें अभी तक बचती रही है | इस विधि के उपयोग द्वारा जल की 30 से 75 प्रतिशत तक बचत की जा सकती है। पानी की हर एक बूंद से अधिक उत्पादन (पर ड्राप मोर क्रॉप) की प्रक्रिया तभी सफलीभूत हो सकती है जब सिंचाई के ढाँचे में आमूल बदलाव किया जाय | शहरों के सीवेज के साथ ही अधिक जल उपयोग वाले उद्योगों को, जो जल उपयोग करने और प्रदूषण रोकने हेतु मानकों का पालन नही करते हैं, जल स्रोतों के रिचार्ज से लेकर इस्तेमाल किए गए जल के शोधन और निस्तारण के लिए बाध्य किया जाना चाहिए| सिंगापुर में 20 फीसदी पेय जल गंदे नालों के पानी को नवीनतम अतिसूक्ष्म फिल्टरों द्वारा शुद्ध बनाकर प्राप्त किया जाता है। चीन कृषि और औद्योगिक कार्यों के लिए नए सोनेके उत्पादन और सरंक्षण को लेकर काफी गंभीर है। पिछले एक दशक मे अमेरिकी मोटर कं फोर्ड मोटर्स ने जीवन-शक्ति पानी के इस्तेमाल को कम करने के लिए वर्ष के प्रत्येक दिन को जल दिवस घोषित कर दिया था । इस प्रकार जल के समुचित प्रबंधन से आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ मानव विकास और विभिन्न क्षेत्रों में पानी के उपयोग के स्तर भी सुनिश्चित होता है| 

Tuesday, 30 January 2018

भारतीय गणतंत्र............भारतीयता की विशिष्ट पहचान


गणतंत्र भारत के लिए कोई नई अवधारणा नहीं है| इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं कि भारत में गणराज्य की परम्परा 600 ईसा पूर्व से पहले से चली आ रही है | ये गणराज्य क्लासिक एथेंस व रोमन गणतंत्र से भी प्राचीन है | पुरातन साहित्य इस तथ्य के साक्ष्य है कि पाणिनि और बुद्ध के काल में अनेक गणराज्य थे। इसमें सबसे उल्लेखनीय है वैशाली (बिहार) का वज्जि और लिच्छवी गणराज्य । ये गणराज्य भारतीय समाज की प्राचीन राजनीतिक परंपराओं के वैचारिक उत्कर्ष थे जो यह साबित करते है कि भले भी वह आज के आधुनिक गणतंत्रों की तरह वयस्‍क मताधिकार पर आधारित नहीं थे लेकिन वह अपने युग में 'विशुद्ध राजतंत्र' के राजनैतिक और सामाजिक विकल्प थे | 1830 के दशक में भारत के गवर्नर जनरल रहे सर चार्ल्स मेटकाफ ने लिखा, ‘ग्रामीण समुदाय कुछ हद तक गणराज्य थे, जो वे चाहते, वे सारी चीजें उनके पास होतीं और किसी भी तरह के विदेश संबंध से वे आजाद थे।ये वही आत्मनिर्भर, स्व-शासित ग्रामीण गणराज्य थेजिन्होंने महान भारतीय सभ्यता की निरंतरता और अस्तित्व को बनाए रखा। इस तरह गणतंत्र भारतवासियों के डीएनए में मौजूद है। यहां तक कि तुर्क और मुग़ल से लेकर सबसे शक्तिशाली ब्रिटिश साम्राज्य भी इसे ध्वस्त नहीं कर सके | पहले साम्राज्यवादी और बाद में वामपंथी इतिहासकारों ने बार-बार यह भ्रम फ़ैलाने की कोशिश की कि भारत एक राजनैतिक इकाई के रूप में सदा 'निरंकुश राजाओं' से शासित रहा है | उनका हित इस परिकल्पना में ही सधता था कि भारतीय समाज अपने में ही खोया हुआ समुदाय रहा है जिसमें आम सहमति से निर्णय लेने का अभाव था |
लेकिन 26 जनवरी को मनाया जाने वाला गणतंत्र का राष्ट्रीय उत्सव पूर्व के गणराज्य से इस अर्थ में गौरवपूर्ण है कि यह त्याग, बलिदान और शहादत से अर्जित किया हुआ गणतंत्र है | यह औपनिवेशिकता के अँधेरे से मुक्त होने के बाद स्वयं को प्रभुता-संपन्न होने की घोषणा का उत्सव है | यह उत्सव मानवहृदय की उस मूल भावना का प्रतीक है कि निरकुंश और असीमित राज्यव्यवस्थाओं वाले साम्राज्यों और सम्राटों के दमन के बावजूद हमारी मूल गणतांत्रिक परंपरा अभी भी अक्षुण्ण है। गणतंत्र का अर्थ वह शासन पद्धति जहाँ राष्ट्रप्रमुख वंशानुगत या तानाशाही तरीके से सत्ता पर कब्जा करके न आया हो बल्कि उसका निर्वाचन सीधे जनता द्वारा या जनता के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाता है | संविधान निर्माताओं को विश्वास था कि भविष्य की आने वाले पीढ़ियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा एक गणतांत्रिक शासन पद्धति में ही सम्भव है क्योंकि वे इस तथ्य से भली-भांति अवगत थे कि यह गणतंत्र भारतवासियों के डीएनए में मौजूद है। इसप्रकार भारतीय गणतंत्र महज एक राजनीतिक चेतना या प्रशासनिक तंत्र नहीं है, बल्कि यह भारत की अपार सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत, धर्म, आपसी सद्भाव, भाईचारा, प्रेम, सच्चाई, अनुभूति और अध्यात्म की वह अंतरयात्रा है, जिससे गुजरकर हर भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है| यह गणतंत्र भारतीयता की उस चेतना से संवलित है जिसके बिना भारतीय नागरिक का अस्तित्व शून्य है|
आजादी पाने के बाद पिछले 70 वर्षों में भारत ने बहुआयामी सामाजिक और आर्थिक प्रगति की है। अपनी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक व नैतिक मूल्यों के साथ पूरी हुई इन 7 दशकों की यात्रा ने पूरी दुनिया के मन में भारत के लिए एक आदर पैदा किया है। कृषि में आत्‍मनिर्भर होने के साथ ही दुनिया के सबसे तेजी से विकासशील देशों की श्रेणी में भारत को शुमार किया जाने लगा है। विगत दिनों दावोस में वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम (WEF) में आर्थिक जगत की वैश्विक ताकतों ने सबसे अधिक भारत की सामर्थ्य और क्षमता के प्रति उम्मीदें जतायी है| भारत की आर्थिक प्रगति और विकास दर के साथ-साथ सांस्कृतिक विशालता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी अन्य विकासशील देशों के लिए प्रेरक तत्व बने हुए हैं। अर्थात् भारत की तरफ देखने का दुनिया का नजरिया बहुत बदला है।
फिर भी वर्तमान परिवेश में ऐसा लगता है गण और तंत्र के बीच संपर्क सूत्र कही विछिन्न सा हो गया है | संविधान का गणतांत्रिक भारत कहीं लुप्त हो रहा है| किसी भी गणतंत्र का संविधान हमें दिशाबोध देता है लेकिन चलने की ऊर्जा और आत्मानुशासन तो हम सब पर निर्भर करता है | किन्तु ऐसा लगता है कि हम भटकते जा रहे है | हमारा आत्मानुशासन कमजोर पड़ता जा रहा है और विकास एवं विश्वास के धीरे-धीरे बढ़ते वृक्ष के बीच भी भ्रष्टाचार और असंवेदनहीनता का विष भी समाज में घुलता जा रहा है | आज देश की अखंडता, समता और सहिष्णुता को खुली चुनौती दी जा रही है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिमायती गण आतंकियों की फांसी पर सवाल खड़े करने वाले, देश को टुकड़े करने का नारा लगाकर देश की गणतांत्रिक ताने-बाने को नष्ट करने का कुचक्र किया जा रहा है | देश के विद्यालयों से नीति शिक्षाओं और सर्वोच्च मानवीय आदर्शों से युक्त प्रार्थनाओं को सांप्रदायिक ठहराने वाले और सत्यमेव जयते के आदर्श से किनारा करने वाले गण से कैसे अपेक्षा की जा सकती है कि वे गणतंत्र को मजबूती प्रदान कर सकेंगे ? सार्वजनिक धन का शर्मनाक हद तक दुरुपयोग, सार्वजनिक भवनों व अन्य संपत्तियों को बपौती मानकर निर्लज्जतापूर्ण उपभोग करने वाले भ्रष्टाचारी क्यों मानवाधिकार प्राप्त करने के अधिकारी हैं? ईमानदारी केवल कागजों में सिमट गई है और भ्रष्टाचरण से पूरा समाज आच्छादित हो गया है। देश के समक्ष आतंकवादी घटनाएं बड़ी चिंता एवं चुनौती का विषय है | देश का अन्नदाता किसान कर्ज के असहनीय बोझ के चलते आत्महत्या करने को विवश है| देश में प्रतिवर्ष हजारों-लाखों टन अनाज देखरेख के अभाव में गोदामों में सड़ जाने की विडंबना के बीच भूख और कुपोषण की समस्या राष्ट्रीय शर्म का विषय बन चुकी है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवायें आम आदमी की पहुँच से बाहर गई हैं | हाल ही छपी एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में अमीरों और गरीबों के बीच खाई इस कदर तेजी से बढ़ी है कि वर्ष 2017 में देश में सृजित संपत्ति का 73% मात्र 1% लोगों के पास चला गया | यह बहुत ही चिंताजनक है कि देश की बाकी बची सिर्फ 27% संपत्ति से सवा अरब लोगों की बुनियादी जरूरतें कैसे पूरी होंगी? गरीबी मनुष्य की गरिमा का अनवरत अपहरण कर रही है | यह गौरवमयी गणतंत्र के लिए बेहद शर्मिन्दगी का विषय है।
साम्प्रदायिक, जातीय, बाज़ारू, घरेलू और सामाजिक स्तर पर लोगों का हिंसात्मक व्यवहार गणतंत्र की सफलता के समक्ष एक कठिन प्रश्नचिन्ह है | यद्यपि अधिकांश भारतीय समाज अहिंसक है लेकिन हमारा समाज पहले के किसी भी समय से अधिक हिंसक हो गया है और लोगों की सहनशीलता, आन्तरिकता और संवेदना का इस कदर क्षरण होता जा रहा है कि मानवीय गरिमा ही धूमिल होती जा रही है | हमारे संविधान निर्माताओं द्वारा गणतंत्र की परिकल्पना और उसकी स्थापना के पीछे मूल दर्शन यह था कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी भीतर निहित समस्त सकारात्मक संभावनाओं के विकास के लिए एक समान अनुकूल वातावरण मिल सके, जिसे राज्य और जन के बीच पारस्परिकता के बिना गणतंत्र को सशक्त नहीं किया जा सकता  है |


Monday, 22 January 2018

स्वामी विवेकानंद..........भारतीय संस्कृति का वैश्विक प्रवक्ता


19 वीं शताब्दी में भारत में धार्मिक और सामाजिक सुधार की मोटे तौर पर दो धाराएँ थी | जिसमें एक के अग्रदूत राजा राम मोहन राय थे जो आधुनिकता चेतना और सुधार के पश्चिमी प्रारूप के समर्थक थे और प्राच्य शिक्षा एवं ज्ञान को आधुनिक चेतना के विकास में बाधक मानते थे | इसके विपरीत अन्य धारा थी जो परंपरागत धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को पुनर्गठित और संस्कारों को परिष्कार करना चाहते थे | इस धारा के प्रतिनिधि स्वामी दयानंद थे | दोनों ही धाराएँ अपने अपने दृष्टिकोण से भारतीय समाज की बुराइयों और कुरीतियों से संघर्ष कर रही थी | लेकिन स्वामी विवेकानंद इन दोनों ध्रुवों से अलग भारतीय जीवन और दर्शन को उसकी सम्पूर्णता देखते हुए और युगीन सन्दर्भों में व्याख्यायित करते हुए राष्ट्रीय चरित्र से जोड़ने का प्रयत्न किया | मानवतावाद, विश्व-बंधुत्व और वसुधैव कुटुम्बकम की उनकी परिकल्पना देश की परम्पराओं और गहरे यथार्थ बोध से विकसित है | भारतीय समाज के साथ-साथ विश्व समाज को भी भारत के सनातन मूल्यों से अवगत कराकर इतिहास के पन्नों में वे ऐसे महान व्यक्तित्व के रूप में अंकित हुए जिसने अपने ओजस्वी विचारो के द्वारा दुनिया के पटल पर भारत का नाम बुलंदियों के शिखर पर पहुँचाया ।
स्वामी विवेकानंद असीम ऊर्जा और विराट विद्वता के अद्भुत संगम थे| असीम एवं रहस्यमयी ऊर्जा उन्हें अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस से मिली थी जबकि उनकी विद्वता का स्रोत भारतीय ऋषियों द्वारा युगों से विकसित विराट विरासत है | उनके मानस-पटल पर भारत का स्वर्णिम अतीत अंकित तो था ही, साथ ही वे अपने युग की पराधीनता की पीड़ा तथा उसके परिणामस्वरूप घटित आर्थिक दुर्दशा, सामाजिक विघटन और सांस्कृतिक अध:पतन से भी चिन्तित थे।  औपनिवेशिक राज के दौरान राजनीतिक के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और धार्मिक सभी स्तरों पर भारतीय समाज जड़ता और पतन के गर्त में पहुँच गया था | इसके ऊपर कथित रूप से पाश्चात्य संस्कृति की सर्वश्रेष्ठता की भावना और भारतीय संस्कृति को लेकर हीनता की ग्रंथि से भारतीय समाज ग्रस्त हो चुका था, जिससे बाहर निकालने, देश के नागरिकों में अपनी संस्कृति की महानता के प्रति सम्मान की भावना को पुनः स्थापित करने के लिए और राष्ट्रीयता के विकास के लिए विवेकानंद प्रथमतः देश और समाज को शिक्षित करना चाहते थे | उनका मत था कि देश की जनता को दो तरह के ज्ञान की आवश्यकता है-सांसारिक ज्ञान, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो तथा आध्यात्मिक ज्ञान, जिससे उनका आत्मविश्वास मजबूत हो। वे मैकाले द्वारा प्रतिपादित शिक्षा व्यवस्था के विरोधी थे| उनके लिए  शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करना है। स्वामी विवेकानंद ने प्रचलित शिक्षा को 'निषेधात्मक शिक्षा' की संज्ञा देते हुए कहा है कि जो शिक्षा जनसाधारण को जीवन संघर्ष के लिए तैयार नहीं करती, जो चरित्र निर्माण नहीं करती, जो समाज सेवा की भावना विकसित नहीं करती तथा जो शेर जैसा साहस पैदा नहीं कर सकती, ऐसी शिक्षा से क्या लाभउनका दृढ़ विश्वास था कि देश की भौतिक समृद्धि उतना ही आवश्यक है जितना व्यक्ति और समाज की आध्यात्मिक उन्नति। वे प्राय: कहा करते थे-रोटी का प्रश्न हल किये बिना भूखे मनुष्य धार्मिक नहीं बनाये जा सकते। इसलिए रोटी का प्रश्न हल करने का नया मार्ग बताना सबसे मुख्य और सबसे पहला कर्तव्य है|
स्वामी विवेकानंद के विचार, दर्शन और आदर्श भारत की अमूल्य सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर हैं।  उनके विचार और दर्शन 40 वर्ष से भी कम आयु में ही व्यक्त किए गए है | उन्होंने हमेशा युवाओं पर अपना ध्यान केंद्रित किया और अपनी ओजस्वी वाणी से युवाओं को उत्साहित किया | यही कारण है कि देश की समृद्ध ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने और नेतृत्व करने के द्वारा देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिये भारतीय सरकार ने स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रुप में मनाने का फैसला किया था। युवा दिवस के रूप में उनके जन्मदिवस का चुनाव करने के पीछे भारत सरकार का विचार था कि स्वामी विवेकानंद का दर्शन एवं उनका जीवन भारतीय युवकों की असीम ऊर्जा को जागृत करने के लिए प्रेरणा का बहुत बड़ा स्रोत हो सकता है|
धर्म को लेकर स्वामी विवेकानंद का मंतव्य बिल्कुल स्पष्ट था| उनका मानना था कि धर्म के मूल लक्ष्य के विषय में सभी धर्म एकमत हैं। आत्मा की भाषा एक है जबकि राष्ट्रों की भाषाएँ विभिन्न हैं, उनकी परम्परायें और जीने की शैली भिन्न है। धर्म आत्मा से सम्बन्धित है लेकिन वह विभिन्न राष्ट्रों, भाषाओं और परम्पराओं के माध्यम से प्रकट होता है। इस प्रकार यह स्पष्ट है कि संसार के सभी धर्मों में मूल आधार एकता है, यद्यपि उसके स्वरूप भिन्न-भिन्न हैं। विवेकानंद पुरोहितवाद, धार्मिक आडम्बरों, कठमुल्लापन और रूढ़ियों के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने धर्म को मनुष्य की सेवा के केन्द्र में रखकर ही आध्यात्मिक चिंतन किया था। उनके लिए मानव सेवा ही र्इश्वर सेवा था । वह भगवान ही रोगी मनुष्य, दरिद्र मनुष्य और सब प्रकार के मनुष्यों के रूप में तुम्हारे सामने खड़ा है। इसलिए उन्होंने कहा-तुम्हें सिखाया गया है कि अतिथि देवो भव, मातश् देवो भव, पितश् देवो भव, पर अब मैं तुमसे कहता हूँ दरिद्र देवो भव|
स्वामी विवेकानंद का हिन्दू धर्म के साथ-साथ वेदों और उपनिषदों पर अटूट विश्वास था। शिकागो में 1893 में शिकागो धर्म सम्मलेन में उन्होंने भारत को "हिन्दू राष्ट्र " के नाम से सम्बोधित करते हुए हिन्दू धर्म एवं संस्कृति और भारत की आध्यात्मिक परम्परा की श्रेष्ठता को पूरी दुनिया में स्थापित किया | विश्व धर्म सम्मेलन में कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे धर्म से हूं, जिसने दुनिया को सहनशीलता और सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया है। अपनी वाणी की तेजस्विता से सबको बहा ले जाने की अद्भुत क्षमता को देखते हुए धर्म संसद के प्रतिनिधियों ने उनका उल्लेख ‘भारत के तूफानी साधु’ के रूप में किया है | उनके द्वारा वेदान्त दर्शन की गई सार्वभौमिक व्याख्या भारतीय दर्शन की एक अनमोल धरोहर है। वे वेदांत के ज्ञान को सदियों से शास्त्रीयता के खोल से मुक्त करना चाहते थे और सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन में पहुँचाना चाहते थे | हार्वर्ड विश्वविद्यालय के एक व्याख्यान में उन्होंने कहा था-अमूर्त अद्वैत का हमारे दैनन्दिन जीवन में जीवंत-काव्यात्मक-हो जाना आवश्यक है, अत्यधिक जटिल पौराणिकता में से मूर्त नैतिक रूप निकलने चाहिए | इसप्रकार अपने नव्य वेदान्त दर्शन में उन्होंने आधुनिक वैज्ञानिक खोजों तथा समकालीन विचारों को स्थान दिया। स्वामी विवेकानंद धर्म को भारत जीवन, समाज और राष्ट्र का प्रधान-स्वर मानते हैं। वे मानते थे कि यदि कोर्इ राष्ट्र अपनी स्वभाविक जीवन शक्ति को दूर फेंक देने की चेष्टा करे तो वह राष्ट्र काल-कवलित हो जाता है।
स्वामी विवेकानंद ने अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण के उपदेशों और शिक्षाओं का प्रसार करने के लिए पूरे भारत का तूफानी भ्रमण किया और पूरे देश के राग-रंग को अपने भीतर समेट लिया था | यह अन्यायास नहीं था कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने विवेकानंद के जीवनीकार रोमां रोलां से कहा था—यदि आप भारत को जानना चाहते हैं, तो विवेकानंद का अध्ययन करना चाहिए | उनमें आप सब कुछ सकारात्मक ही पाएंगे |” विवेकानंद की समझाने वाली विचार शैली में बहुमुखी संवेदनशीलता प्रकट होती है | "लाइफ ऑव विवेकानंद ऐंड दि युनिवर्सल गास्पेल में रोमां रोलां लिखते है कि विवेकानंद के शब्दों में महान संगीत है, बिटोवेन की शैली के स्वर समूह, हैंडल के समवेत गीतों जैसी स्फूर्तिदायक लयें हैं|” जो भावुकता पैदा नहीं करती हैं बल्कि चेतना का स्पंदित करती है |


Friday, 22 December 2017

सनातन संस्कृति के संवाहक : महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय

सनातन संस्कृति के संवाहक : महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय


बहुमुखी प्रतिभा के धनी व सांस्कृतिक धरोहर की प्रतिमूर्ति महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय का नाम अधि‍कांश लोग अक्सर केवल बनारस हि‍न्दू विश्वविद्यालयके संस्थापक के रूप में ही याद करते है | उनके संघर्ष और सक्रियता के व्‍यापक दायरे से भारतीय समाज एक बड़ा वर्ग अनजान रहा है। स्वाधीनता आन्दोलन के दौरान  उन्होंने न सिर्फ राजनीतिक क्षेत्र में नेतृत्व किया, बल्कि वे सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी मानवता के मार्गदर्शक भी रहे । लेकिन आज़ादी के बाद सत्ताधारी कांग्रेस द्वारा परिवार केन्द्रित राजनीति से असहमति रखने वाले नेताओं को हाशिए पर धकेल देने की नीति अपनायी गई और सत्ता-केन्द्रित इतिहासकारों द्वारा इस नीति का अनुसरण किए जाने के कारण पंडि‍त मदन मोहन मालवीय के बहुआयामी संघर्ष और सक्रियता की अनदेखी की गई | इतिहास के जानकारों को छोड़ दिया जाय तो बहुत कम ही लोग यह जानते है कि मदन मोहन मालवीय जी ने महज 25 वर्ष की आयु में ही 1886 में भारतीय राष्ट्री्य कांग्रेस के दूसरे अधि‍वेशन में भाग लि‍या और उसे संबोधि‍त कि‍या। बाद में वे सन् 1909, 1918, 1932 और 1933 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए। वे एक महान देशभक्त, स्वतंत्रता सेनानी, वि‍धि‍वेत्ता, संस्कृत और अंग्रेजी के वि‍द्वान, शि‍क्षावि‍द, पत्रकार और प्रखर वक्ता थे। मालवीय जी केवल भारतीय राष्ट्री्य कांग्रेस के सक्रिय सदस्य बनकर ही नहीं रहे बल्कि हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा का सम्मान, समाज सुधार, पत्रकारिता, शैक्षणिक संप्रभुता और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए श्री गणेश करने वाले अप्रतिम सूत्रधार थे| मालवीय जी के बहुआयामी संघर्ष और परिश्रम के कारण डॉ. राधाकृष्णन ने उन्हें कर्मयोगी कहा था| मदनमोहन मालवीय जी का संपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक जीवन हिंदुस्तान के विलुप्त गौरव और सनातन संस्कृति को स्थापित करने के लिए प्रयासरत रहा। उन्होंने केवल संस्थाएं नहीं बनाईं, बल्कि लोगों को भी बनाया। वे चाहते थे कि भारत के लोगों में हिम्मत पैदा हो, उनका सिर उन्नत हो, उन्हें अपने ऊपर भरोसा हो। यह भारतीय इतिहास की वि‍डम्‍बना ही है कि ऐसे महान कर्मयोगी को वैचारिक पूर्वग्रह के कारण मैकालेवादी-नेहरूवादी-मार्क्सवादी मानसिकता में ढले कुछ इतिहासकारों ने फुटकल खाते में डाल दिया |

1886 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के द्वितीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए जब कहा कि प्रतिनिधित्व के बिना कोई टैक्स नहीं.......प्रतिनिधि संस्थाओं को प्रतिष्ठित किए बिना भारतवासियों पर टैक्स का बोझ लादते जाना अंग्रेजों के लिए सर्वथा अनुचित है.....अच्छे अंग्रेजों को जानकर यह दुःख होगा कि भारत सरकार निरंकुश है | वह हमारे साथ गुलामों जैसा व्यवहार करती है........प्रतिनिधित्व का अधिकार हमें मिलना चाहिए तब सम्मेलन के अध्यक्ष दादा भाई नैरोजी ने कहा था-इस युवक की वाणी में स्वयं भारत माता मुखरित हो रही है | इसके बाद मालवीय जी कांग्रेस से तमाम मतभेदों के बावजूद स्वराज्य की प्राप्ति के लिए कांग्रेस में बने रहे | मालवीय जी  ने 1932 में दिल्ली अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए स्वीकार किया कि कई अवसरों पर कुछ महत्त्व के प्रश्नों पर मतभेद के बावजूद उसके प्रति मेरी श्रद्धा-भक्ति में कमी नहीं होने पायी है | अतः इस अवसर पर कांग्रेस के सिद्धांत, विचार और कार्य का पथ-प्रदर्शक बनने का आदेश मेरे लिए धर्मादेश है, जिसका पालन करना ही मेरा कर्त्तव्य है |कांग्रेस के प्रति मालवीय जी की प्रतिबद्धता के संबंध में डॉ राजेन्द्र प्रसाद ने स्वीकार किया है कि जब-जब कांग्रेस का अस्तित्व संकट में पड़ा, मालवीय जी उसका मार्गदर्शन किया | पूराने और नए लोगों के बीच मालवीय जी सेतु का काम करते थे |

मालवीय जी वैसे तो नरमदलीय थे लेकिन अनेक अवसरों पर उनके भीतर की उग्र क्रांतिकारिता प्रकट हो जाती थी | जलियांवाला कांड पर मालवीय जी नेशनल असेम्बली में लगातार तीन दिनों तक बोलते रहे | उनका भाषण सुनकर सरकारी अधिकारियों की आँखों में आंसू आ गए | गृह मंत्री विंसेट स्मिथ की पत्नी यह कहते हुए सुनी गयी कि ‘मेरे पति पंडित जी का मुकाबला नहीं कर सके|’ इंग्लैंड के समाचार पत्रों में मालवीय जी की तुलना उस समय के प्रखर वक्ताओं ग्लेडस्टोन और डिजरायली से की गई | यही नहीं मालवीय जी उग्र क्रांतिकारियों को लगातार संरक्षण, सहयोग और प्रेरणा देते रहे है| महान क्रन्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद अक्सर मालवीय जी परामर्श लेने आया करते थे | इस दृष्टि से वे गाँधी एवं नेहरु जैसे अन्य नरमदलीय नेताओं से अलग थे जो उग्र क्रांतिकारियों से दूरी बनाकर चलना पसंद करते थे | इसके विपरीत स्वाधीनता प्राप्ति के लिए अपनी जान हथेली पर लेकर सशस्त्र क्रांति करने वाले सभी क्रन्तिकारियों को मालवीय जी का सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त था |

महामना के अनुसार, राष्ट्रीय जागरण के लिए राष्ट्रीय शिक्षा भी आवश्यक है। उनका तर्क था- देश में उच्च शिक्षा के विकास के साथ राष्ट्रीयता की शिक्षा अनिवार्य रूप से दी जानी चाहिए,  जिससे क्षेत्रवाद, भाषावाद, जातिवाद तथा बहुधर्मवाद वाले भारत देश में सबसे ऊपर राष्ट्रीय चरित्र का विकास हो और देश में एकता स्थापित हो। जर्मनी, फ्रांस, जापान, अमेरिका आदि देशों ने अपने स्कूलों में देशभक्ति की शिक्षा देकर अपनी राष्ट्रीय शक्ति तथा दृढ़ता का निर्माण किया है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना मालवीय जी के इसी प्रगतिशील और सृजनशील व्यक्तित्व का प्रतीक है| इस विश्वविद्यालय के मानचित्र से लेकर प्राचीन धर्म-दर्शन के साथ ही आधुनिक ज्ञान-विज्ञान और टेक्नोलॉजी के अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था मालवीयजी की कल्पना का साकार प्रतिबिंब है| उन्होंने वर्तमान की आवश्यकता और भविष्य की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए भवनों के निर्माण की ऐसी योजना बनायीं कि सौ वर्ष बाद भी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की होने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके| मालवीयजी इस विश्वविद्यालय को आधुनिक युग का गुरुकुल कहते थे| इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य अन्य विश्वविद्यालयों से भिन्न है| इसका उद्देश्य गुरुकुलों की भांति शिक्षा के साथ-साथ चरित्र-निर्माण और विकास भी करना है| इस महामानव ने जिस विश्वविद्यालय की स्थापना की उसमें उनकी परिकल्पना ऐसे विद्यार्थियों को शिक्षित करके देश सेवा के लिये तैयार करने की थी जो देश का मस्तक गौरव से ऊँचा कर सकें। उनका स्पष्ट मानना था कि व्यक्ति अपने कर्तव्यों और अधिकारों का समुचित पालन तभी कर सकता है जब वह शिक्षित होगा। विश्वविद्यालय की 31 दिसम्बर 1905 की योजना के अनुसार ज्ञान के व्यापक प्रसार के साथ हिन्दू धर्म की पुरानी प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करना है | यहाँ मालवीय जी प्राचीन भारतीय धर्मं, दर्शन, साहित्य और कलाओं के साथ-साथ आधुनिक ज्ञान-विज्ञान की शिक्षा द्वारा नैतिक और भौतिक समृद्धि होते देखना चाहते थे| तत्कालीन ब्रिटिश सरकार भारत में भौतिक विकास भारतवासियों के लिए नहीं बल्कि अपने औपनिवेशिक हितों को साधने के लिए करती थी | मालवीय जी की दूरदर्शिता ने ब्रिटिश सरकार की इस धूर्तता की पहचान करने में कोई चूक नहीं की और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ही वह पहला विश्वविद्यालय है जहाँ देश में आधुनिक टेक्नोलॉजी की शिक्षा और प्रशिक्षण का सूत्रपात हुआ |

मालवीय जी चरित्र-निर्माण के लिए भारतीय विद्याओं की शिक्षा पर बल देते है| वे जहाँ धर्म, दर्शन एवं चरित्र-निर्माण को मानवता और मानव सभ्यता के विकास के लिए आवश्यक मानते थे वहीँ ज्ञान-विज्ञान तथा टेक्नोलॉजी की शिक्षा को भौतिक विकास एवं समृद्धि का कारक मानते थे| पाश्चात्य ज्ञान-विज्ञान को स्वीकार करते हुए वे भारतीय धर्म-दर्शन आदि का समन्वय करते है |

मालवीय जी गंगा की धारा के निर्बाध प्रवाह के प्रबल हिमायती थे | बहुत कम लोग इस तथ्य से अवगत होंगे कि गंगा नदी पर बांध निर्माण करने और नहर बनाने के ब्रिटिश सरकार की योजना का सर्वप्रथम विरोध पंडि‍त मदन मोहन मालवीय के दूरदर्शी नेतृत्व में ही हुआ| वैचारिक पूर्वग्रह के कारण कुछ इतिहासकारों ने भले ही इस आधार पर मालवीय जी के इस संघर्ष को महत्त्व नहीं दिया कि गंगा नदी को हिन्दू धर्मं में पवित्र स्थान प्राप्त है और गंगा नदी अविरल प्रवाह के बचाव के लिए संघर्ष में उन्हें साम्प्रदायिकता की बू आती हो, लेकिन मालवीय जी के जेहन में इस तरह की भावना परिकल्पना से परे है | गंगा नदी की जीवनदायिनी शक्ति के महत्त्व को समझते हुए उन्होंने गंगा के अविरल प्रवाह के पक्ष में जागरूकता के प्रसार के लिए 1905 में हरिद्वार में गंगा महासभा की स्थापना की | उन्होंने देश के सभी विद्वानों,  नेताओं और गुणग्राही राजाओं-महाराजाओं को गंगा महासभा के अधीन संगठित किया | उन्होंने ब्रिटिश सरकार को यह समझौता करने के लिए बाध्य कर दिया कि गंगा की धारा का प्रवाह निर्बाध होना चाहिए | इस समझौते को अविरल गंगा रक्षा समझौता 1916 कहा जाता है | इस समझौते के तहत ब्रिटिश सरकार ने स्वीकार किया किया कि गंगा की निर्बाध जल धारा पर भविष्य में किसी प्रकार का रोक नहीं लगाया जाना चाहिए | साथ ही यह प्रावधान किया गया कि गंगा की चौड़ाई में कमी या सतह में किसी भी परिवर्तन के सन्दर्भ में हिन्दू समुदाय के पूर्व सलाह के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जायेगा | शासन को यह भी वायदा करना पड़ा कि अंग्रेजी हुकुमत 40 प्रतिशत गंगाजल प्रयाग तक पहुंचाएगी | यह समझौता भारतीय संविधान की धारा 363 के अंतर्गत आज भी मौजूद है | लेकिन विडंबना यह है कि जो काम ब्रिटिश सरकार नहीं कर सकी, उसे स्वतंत्र भारत की सरकार ने किया | स्वतंत्र भारत की सरकारों ने इस समझौते का बार-बार उलंघन करते हुए टिहरी सहित कई बांधों के द्वारा गंगा नदी के जल प्रवाह को कैद कर लिया |

हिन्दी भाषा के उत्थान और हिन्दी को राष्ट्रभाषा के पद पर प्रतिष्ठित कराने में मालवीय जी की भूमिका ऐतिहासिक है। राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी को स्थापित करने के प्रयत्न को उन्होंने राष्ट्र की संप्रभुता से जोड़ कर देखा | साहित्य सृजन के स्तर पर हिंदी की अस्मिता और संप्रभुता को स्थापित करने का जो प्रयास भारतेंदु हरिश्चंद्र और उनकी मंडली ने किया, उस संघर्ष को राजनीतिक और सामाजिक आन्दोलन के रूप में परिणत करने का श्रेय मदन मोहन मालवीय को है | भारतेन्दु के सपने निज भाषा उन्नति अहै सब उन्नति कै मूल  को साकार करने का भागीरथ कार्य मालवीयजी तथा उनके सहयोगियों ने अपने हाथों में लिया ।

19 वीं शताब्दी तक उत्तर प्रदेश की राजभाषा के रूप में हिन्दी का कोई स्थान नहीं था। हि‍न्दी को अदालतों से बाहर नि‍कालने के कार्य में तो मुसलमानों को सफलता मि‍ल चुकी थी, अब वे इसे शि‍क्षा क्षेत्र से बाहर नि‍कालने में प्रयत्नशील थे। राजा शि‍व प्रसाद और राजा लक्ष्मण सिंह एवं अन्य मनीषियों ने अदालतों में देवनागरी लि‍पि‍ के प्रवेश के लि‍ये जब-तब छि‍टपुट प्रयत्न कि‍या लेकि‍न सभी असफल रहे। अदालत व सरकारी कार्यालयों में अंग्रेजी किले को ढहाने के लिए महामना मदन मोहन मालवीय ने इस प्रयास को राष्ट्रीय आन्दोलन से जोड़ दिया | उन्हीं के प्रयास से सन् 1884 में प्रयाग में हिन्दी उद्धारिणी प्रतिनिधि मध्य सभा की स्थापना हुई | काशी नागरी प्रचारिणी सभा की स्थापना सन् 1893 ई. में हुई थी। यह हिन्दी के लिए पहली सुनियोजित लड़ाई थी, जिसने जनमानस में हिन्दी के प्रति अपराजेय लालसा को जन्म दिया। मालवीयजी के परामर्श से बाबू श्यामसुन्दर दास ने कार्यक्रम को आन्दोलन के रूप में चलाने के लिए नगरों में समितियाँ गठित कीं। इस सभा के माध्यम से एक ओर तो मालवीय जी ने देवनागरी लि‍पि‍ के पक्ष में हस्ताक्षर अभि‍यान चलाया, दूसरी ओर गहरी छानबीन के साथ नागरी के पक्ष में प्रमाण और आंकड़े इकट्ठे कि‍ये। बहुत सी सामग्री एकत्रि‍त कर कोर्ट कैरेक्‍टर एण्‍ड प्रायमरी एजुकेशन इन नार्थ वेस्‍टर्न प्रौवि‍न्‍सेज नाम की पुस्तक लि‍खी और पश्चिमोत्तर प्रदेश व अवध के गवर्नर सर एंटोनी मैकडोनेल के सम्मुख विविध प्रमाण प्रस्तुत करके 1898 ई0 में देवनागरी लिपि और हिन्दी भाषा को कचहरियों में प्रवेश दिलाने में सफल हुए | 18 अप्रैल सन् 1900 ई. को सरकारी गजट के तहत अदालतों, शासकीय कार्यालयों को निर्देश दे दि‍या गया कि‍ सभी कागजात जैसे सम्‍मन आदि‍, जो सरकार की ओर से जनता के लि‍ए नि‍काले जायेंगे वह दोनों लि‍पि‍यों यानी नागरी और फारसी में होंगे। सरकार ने इसके साथ ही यह भी घोषणा कर दी कि‍ आगे कि‍सी भी व्‍यक्‍ति‍  को तभी सरकारी नौकरी मि‍ल सकेगी जब वह हि‍न्‍दी भाषा का भी जानकार हो। जो कर्मचारी हि‍न्‍दी नहीं जानते थे उन्‍हें एक साल के भीतर हि‍न्‍दी सीखने को कहा गया अन्‍यथा वे नौकरी से अलग कर दि‍ए जायेंगे। इस प्रकार मालवीय जी के अथक प्रयास से हि‍न्‍दी का प्रवेश संयुक्‍त प्रान्‍त के शासकीय कार्यालयों में हुआ।

हिन्दी उत्तर प्रान्त की भाषा तो बन गई, परन्तु मालवीयजी उसे राष्ट्र की भाषा के पद पर प्रतिष्ठित करने के साथ ही हिंदी को विश्व भाषा बनाने का स्वप्न देखते थे | सन् 1910 में काशी में आयोजित प्रथम हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अपने अध्यक्षीय भाषण में मालवीयजी ने हिन्दी अपनाने, सरल हिन्दी का प्रयोग करने तथा अन्य भाषाओं के प्रचलित शब्द ग्रहण करने की अपील की। सन् 1919 में बम्बई में आयोजित हिन्दी साहित्य सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मालवीयजी ने कहा कि सभी भारतीय भाषाएँ आपस में बहने हैं तथा हिन्दी उनमें बड़ी बहन है। अन्य प्रादेशिक भाषाओं की अपेक्षा हिन्दी बोलने वालों की संख्या अधिक है। अत: देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली हिन्दी भाषा को राष्ट्र भाषा का स्थान दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद थी कि किसी दिन ऐसा होगा जब अंग्रेजी की तरह हिन्दी भी विश्व भाषा बनेगी। सन् 1939 में काशी में पुन: आयोजित 18 वें हिन्दी साहित्य सम्मेलन में भारतीय संविधान में हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में अभिहित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

हिंदी भाषा की गरिमा को स्थापित करने के लिए मालवीय जी परम्पराओं को तोड़ने में भी अग्रणी रहे | इतिहासकारों ने मालवीय जी के इस योगदान का उल्लेख करना उचित नहीं समझा कि जो भाषा राष्ट्रीय चेतना और अस्मिता का पर्याय बन चुकी थी, उस भाषा के साहित्य के अध्ययन एक विषय के रूप में मान्यता भारत के वि‍श्वविद्यालयों में प्राप्त नहीं थी, जिसे मालवीय जी ने बनारस हि‍न्दू‍ वि‍श्वविद्यालय में हि‍न्दी को सर्वप्रथम एक वि‍षय के रूप में अध्ययन को मान्यता दी। 1937-38 में मालवीय जी को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दीक्षांत भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया था। विश्वविद्यालय के इतिहास में अभी तक दीक्षांत भाषण अंग्रेजी में ही दिए जाने की परंपरा रही। लेकिन मालवीय जी ने उस परंपरा को तोड़ हिंदी में भाषण देकर देशभक्ति का अनूठा उदाहरण पेश किया। भाषण देते समय ‘सर स्पीक इन इंगलिश, वी कांट फॉलो योर हिंदी जैसे ही श्रोताओं के बीच से यह आवाज गूंजी तो पंडित मदन मोहन मालवीय जी ने जवाब दिया महाशय, मुझे भी अंग्रेजी बोलना आता है। शायद हिंदी की अपेक्षा मैं अंग्रेजी में अपनी बात अधिक अच्छे ढंग से कह सकता हूँ लेकिन मैं एक पुरानी अस्वस्थ परंपरा को तोड़ना चाहता हूँ | उनकी हिंदी के प्रति संवदेनशीलता और संघर्ष से ज्ञात होता है कि आजादी के बाद कोई दूसरा महामना नहीं हुआ, जो हिंदी को देश में बाध्यकारी भाषा बना दे।
यही नहीं शिक्षा के माध्यम के प्रश्न पर अंग्रेजों ने जब सन् 1882 ई्. में शि‍क्षा कमीशन का गठन किया तो इस आयोग में साक्ष्‍य के लिए पंडित मदनमोहन मालवीय तथा भारतेन्‍दु हरि‍श्‍चन्‍द्र चुने गए थे। भारतेन्‍दु  अस्‍वस्‍थता के कारण आयोग के सम्‍मुख उपस्‍थि‍त  नहीं हो पाये। परन्‍तु महामना आयोग के सामने उपस्‍थि‍त होकर इस बात पर जोर दि‍या था कि‍ शि‍क्षा हि‍न्‍दी भाषा में हो।

सनातन धर्म व हिन्दू संस्कृति की रक्षा और संवर्धन में मालवीयजी का योगदान अनन्य है। हिंदू समाज और भारत की प्राचीन सभ्यता तथा विविध विधाओं एवं कला की रक्षा के लिए मालवीयजी ने विशेष कार्य किया। वे  सनातन संस्कृति को पुनर्स्थापित होते देखना चाहते थे | 1923 और 1936 में वे दो बार हिंदू महासभा के प्रधान चुने गए। उनका कहना था मैं चाहता हूं कि भारत के गांव-गांव में हिंदू सभाएं स्थापित हों और हिंदुओं के शक्तिशाली संगठन हों|  लेकिन उनका हिंदुत्व संकीर्ण परिधि में सीमित नहीं था। उन्होंने एक संस्था की स्थापना की थी जिसका काम उन अस्पृश्यों को हिंदू धर्म में दीक्षित करना था, जिन्हें ईसाई मिशनरियों ने ईसाई बना दिया था। मालवीय जी में देश के विविध धर्मावलम्बियों की अनेकता को एकता के सूत्र में बांधने की अद्भुत शक्ति थी | उनके धर्म सम्मेलनों में हिन्दू के साथ ही मुसलमान और इसाई भी समान रूप से भाग लेते थे | देश के विविध धर्मावलम्बियों को वे राष्ट्रीयता के नाम पर संगठित करना चाहते थे |

मदनमोहन मालवीय के अनुसार राष्ट्रीयता और धार्मिक सहिष्णुता में कोई विरोध नहीं है | यह केवल हिन्दुओं का देश नहीं है। हिन्दुस्तान जैसे हिन्दुओं का प्यारा जन्म स्थान है, वैसे ही मुसलमानों का भी है। यह दोनों जातियां यहां बसती हैं और बसती रहेंगी। जितनी ही इन दोनों में परस्पर मेल और एकता बढ़ेगी, उतनी ही देश की उन्नति में हमारी शक्ति बढ़ेगी और इनमें जितना बैर या विरोध या अनेकता रहेगी, हम उतने ही दुर्बल होंगे। धर्म का देशभक्ति से अन्योन्याश्रित संबंध है। धर्म का परिष्कृत स्वरूप देशभक्ति में परिलक्षित होता है। यही देशभक्ति जन-जन में करुणा के रूप में परिप्लावित होती है। आज जबकि विगत कई वर्षों से सत्ता-सुख की मलाई का भोग करने वाले एवं तुष्टिकरण को धर्मनिरपेक्षता का पर्याय मानने वाले नेता और विदेशी फंडों से पोषित कुछ तथाकथित बुद्धिजीवी राष्ट्रीयता की भावना को साम्प्रदायिक और तानाशाही घोषित करने लगे है, कुछ मीडिया चैनल राष्ट्रीयता के नाम से ही अपना स्क्रीन काला करने लगे है, राष्ट्रवादी होना तथाकथित वामपंथी वैचारिक विमर्श में अपराध घोषित किया जाने लगा है, देश को टुकड़े टुकड़े करने के नारे को कुछ सिरफिरे युवाओं की नजर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता समझा जाने लगा है, अपनी आतंकी करतूतों से देश का खून बहाने वाले आतंकियों को फांसी दिए जाने के फैसलों को मानवाधिकार का हनन घोषित करने लगे है,  ऐसे समय में पंडित मदन मोहन मालवीय के विचार बेहद प्रासंगिक हो जाते है। ‘अभ्युदय’ में ‘राष्ट्रीयता और देशभक्ति’ शीर्षक से अपनी संपादकीय टिप्पणी में ‘राष्ट्रीयता’ को समझाते हुए मालवीयजी कहते है कि राष्ट्रीयता उस भाव का नाम है जो कि देश के सम्पूर्ण निवासियों के हृदयों में देश-हित की लालसा के साथ व्याप रहा हो’ जिसके आगे अन्य भावों की श्रेणी नीची ही रहती हो| वे राष्ट्रीयता की भावना को एक विराट भावना मानते है जो हमें केवल राष्ट्रभक्ति का नारा बुलंद करने की नहीं बल्कि सदैव राष्ट्रहित में चिंतन करने की प्रेरणा देने, देशहित में जीने और समाज-हित में योगदान करने की शक्ति और प्रेरणा प्रदान करती है। मौजूदा दौर में शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीयता की भावना के विरुद्ध जिस तरह से घृणा, तनाव और विद्वेष का माहौल बनाकर पूरे देश में जातीय एवं साम्प्रदयिक तनाव और क्षेत्रीय विभेद पैदा करने की कोशिश की जा रही है, ऐसे समय में मालवीय जी का चिंतन एक समरसता पूर्ण मार्ग प्रशस्त करता है |


मालवीय जी के जीते जी भारत स्वाधीन नहीं हो सका जबकि वे भारत को स्वाधीन होते देखना चाहते थे| उनकी इस अदम्य जिजीविषा के कायल महात्मा गाँधी भी थे | मालवीय जी वृद्धावस्था में जब अपने जीवन के अंतिम क्षणों में थे, तब महात्मा गाँधी उनसे मिलने गए थे और उन्होंने मालवीय जी से आग्रह किया कि-आप देश की चिंता कब छोड़ेगे.......आप मेरे ऊपर जो भार छोड़ना चाहते हो, छोड़ दो | लेकिन जब आप चिंता छोड़ दें तब अपनी शक्ति मुझे दे दें|  यह वही अदम्य शक्ति थी जिसके कारण उनके व्यक्तित्व में प्रगतिशीलता, राष्ट्रीयता और सृजनशीलता का अद्भुत संगम संभव हो सका था | उन्होंने जो कुछ भी किया, उसके मूल में केवल सेवा भावना समाहित हुआ करती थी | उन्होंने पाश्चात्य आधुनिक विचारों और व्यवहारों को भारतीय देश-काल की परिधि में और भारतीय सांस्कृतिक सांचे में ढ़ालकर ही अपनाया |