Thursday, 22 March 2018

जल....... सहज सुलभ प्राकृतिक संसाधन से दुर्लभता की ओर

प्राणी जगत के लिए जल प्रकृति प्रदत्त एक अनमोल उपहार है। राम चरित मानस में जब गोस्वामी तुलसीदास कहते है कि "क्षिति, जल, पावक, गगन, समीरा-पंच तत्व से बना शरीरा" तो जल की महत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है कि मनुष्य सहित पृथ्वी पर रहने वाले सभी जीव-जंतु एवं वनस्पति का अस्तित्व जल के बिना संभव नहीं है। यही नहीं, जल की अमूल्यता इस तथ्य से भी प्रमाणित होती है कि विश्व की सभी संस्कृतियों और सभ्यताओं का जन्म भी प्रमुख नदियों के किनारे ही हुआ था। जल की महत्ता का उल्लेख हमारे प्राचीन वांड्मय में अक्सर हुआ है| जल एक प्राकृतिक एवं अमूल्य संसाधन है जो सजीव जगत की जीविका, खाद्य सुरक्षा और निरंतर विकास का आधार है। यह किसी भी राष्ट्र के आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक विकास एवं प्रगति का एक आधारभूत संकेतक भी है।
बढ़ती आबादी के दबाव, बड़े पैमाने पर शहरीकरण, बढ़ती आर्थिक गतिविधियाँ, उपभोग की बदलती प्रवृत्तियाँ, रहन-सहन के स्तर में सुधार से स्वच्छ पेयजल की बढ़ती माँग, जलवायु परिवर्तन के कारण बारिश की घटती मात्रा, कृषि के लिए सिंचित क्षेत्र के विस्तार एवं जल की अधिकांश माँग करने वाली फसलों की पैदावार आदि से जल की माँग का दायरा बढ़ा है | लेकिन धरती के तीन चौथाई हिस्से पर पानी भरा होने के बावजूद भी महासागरों का पानी खारा होने के कारण हमारे किसी काम का नहीं। धरती पर उपलब्ध पानी का मात्र 2.7% हिस्सा ही मीठा है। मीठे पानी का लगभग 22.6% पानी भूमिगत जल के रूप में है। 52% झीलों और तालाबों में और 1% नदियों में निहित है। इसलिए आज का विश्व जल संकट की समस्या से त्रस्त है। गोल्डमैन सैक्स ने एक बार पानी को अगली शताब्दी का पेट्रोलियमकहा था, जिसके लिए युद्ध भी हो सकते हैं। तीसरी दुनिया के देशों में यह संकट अधिक गंभीर हैं। भारत के कई राज्य जल संकट की त्रासदी भोग रहे हैं। कावेरी से लेकर रावी, व्यास, कृष्णा और कई अन्य नदियों के पानी पर अधिकार को लेकर अनेकों बार हिंसात्मक टकराव हो चुके है। यह विडम्बना है कि सूचना प्रौद्योगिकी में अग्रणी देश होने के बावजूद भारत सभी के लिए जल की व्यवस्था करने में काफी पीछे है। प्राचीन काल से पेय जल के लिए इस्तेमाल होते आ रहे सतही और भूजल जैसे परम्परागत स्रोत सूखते और प्रदूषित होते जा रहे है जबकि आज भी देश में कई बीमारियों का एकमात्र कारण प्रदूषित जल है।
संकट की गम्भीरता का सबसे अधिक असर कृषि और पेयजल की उपलब्धता पर होता है |  देश में उपलब्ध पानी का 80 % खेती में इस्तेमाल होता है जबकि उद्योग इस पानी का 10 % से भी कम इस्तेमाल करते हैं| किन्तु पानी को प्रदूषित करने में उद्योगों का रवैया सबसे अधिक असंवेदनशील है | एक ओर कृषि उत्पादकता में कमी की स्थिति में न केवल किसानों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित होती है, बल्कि देश को अनाज के लिए अन्य देशों से आयात पर निर्भर होना पड़ता है, महंगाई में वृद्धि, आय की विषमता में भी वृद्धि होती है |
लेकिन जल का मौजूदा संकट सिर्फ बारिश की कमी और मांग के बढ़ने की वजह से ही नहीं है, बल्कि समुचित जल प्रबंधन की कमी की सबसे बड़ी भूमिका है | दूसरे शब्दों में संकट का मुख्य कारण भारत में जल के उपयोग की क्षमता का काफी कम होना हैं | भारत में वर्षा से प्रतिवर्ष औसतन 4,000 अरब घन मीटर जल  प्राप्त होता है। लेकिन भंडारण प्रक्रिया की कमी, पर्याप्त बुनियादी ढांचे की कमी, अनुचित जल प्रबंधन के कारण वास्तव में केवल 18-20% जल का ही समुचित उपयोग किया जाता है जबकि कुल वर्षा जल के 5 प्रतिशत से भी कम जल का संरक्षण कर पाते हैं। शेष जल बहकर बर्बाद हो जाता है | जलप्रबंधन के लिए अब तक कोई क्रांतिकारी प्रयास नहीं किए जाने की मुख्य वजह यह रही है कि खनिज संसाधनों की तरह जल के उपयोग और योगदान को सकल घरेलू उत्पाद में जोड़ा नहीं जाता है |
जल प्रबंधन का सरल सिद्धांत यह है कि पानी जहां गिरता है,  उसे आगे बढ़ने से रोकना है| धरती पर गिरने वाले वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को रोका जा सकता है। लेकिन जल निकायों को रिचार्ज करने में असफलता और अनियंत्रित शहरीकरण से जहाँ जल खपत में अनियंत्रित वृद्धि हुई है और उत्सर्जित जल के परिवहन, शोधन एवं निस्तारण करने वाले ढाँचें की अपर्याप्तता से संकट विकराल होता गया है, वहीँ पारम्परिक जल संग्रहण संरचनाओं की उपेक्षा एवं उनकी जलग्रहण क्षमता में कमी के कारण भी हमारी जल-प्रबंधन की प्रक्रिया बाधित हुई है| यही नहीं, असमान बंटवारे और पानी के अवैध इस्तेमाल ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है| मानसून के दौरान दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े नगर हर साल भारी जल जमाव से थम जाते है, लेकिन अभी तक उस पानी को संगृहीत एवं शोधन करके उपयोग में लाने का आधारभूत ढांचा विकसित नहीं हो पाया है|
भारत में जल की अधिक माँग वाली फसलों-धान, गेहूं, गन्ना और कपास- की खेती, नहरों से जल आपूर्ति की अनियमितता के साथ-साथ ही जलस्रोतों पर माफियाओं के कब्जे आदि ने सिंचाई के लिये भूजल पर निर्भरता बढ़ा दी है| यदि भूमिगत जल के दोहन की मौजूदा गति बनी रहती है, तो भारत में 2050 में वर्तमान में उपलब्ध प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पानी का 22% ही उपलब्ध होगा और संभवतः देश पानी आयात करने के लिए मजबूर हो जाएगा। दूसरी ओर नहरों और जलाशयों के जरिये सतह और वर्षा जल का उपयोग करने के लिए पर्याप्त निवेश नहीं किया गया है। नहरों से खेतों तक पहुँचते-पहुँचते लगभग 70 प्रतिशत जल के रिसाव के साथ ही किसानों द्वारा खेतों में आवश्यकता से अधिक पानी भर लेने की प्रवृति से बर्बादी बढ़ती गई है |

कृषि सिंचाई के लिए फव्वारा सिंचाई प्रणाली, ड्रिप-इरीगेशन या टपक सिंचाई पद्धति को विस्तार देने के लिए जिस भारी निवेश की जरूरत है, उससे सरकारें अभी तक बचती रही है | इस विधि के उपयोग द्वारा जल की 30 से 75 प्रतिशत तक बचत की जा सकती है। पानी की हर एक बूंद से अधिक उत्पादन (पर ड्राप मोर क्रॉप) की प्रक्रिया तभी सफलीभूत हो सकती है जब सिंचाई के ढाँचे में आमूल बदलाव किया जाय | शहरों के सीवेज के साथ ही अधिक जल उपयोग वाले उद्योगों को, जो जल उपयोग करने और प्रदूषण रोकने हेतु मानकों का पालन नही करते हैं, जल स्रोतों के रिचार्ज से लेकर इस्तेमाल किए गए जल के शोधन और निस्तारण के लिए बाध्य किया जाना चाहिए| सिंगापुर में 20 फीसदी पेय जल गंदे नालों के पानी को नवीनतम अतिसूक्ष्म फिल्टरों द्वारा शुद्ध बनाकर प्राप्त किया जाता है। चीन कृषि और औद्योगिक कार्यों के लिए नए सोनेके उत्पादन और सरंक्षण को लेकर काफी गंभीर है। पिछले एक दशक मे अमेरिकी मोटर कं फोर्ड मोटर्स ने जीवन-शक्ति पानी के इस्तेमाल को कम करने के लिए वर्ष के प्रत्येक दिन को जल दिवस घोषित कर दिया था । इस प्रकार जल के समुचित प्रबंधन से आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ मानव विकास और विभिन्न क्षेत्रों में पानी के उपयोग के स्तर भी सुनिश्चित होता है| 

Tuesday, 30 January 2018

भारतीय गणतंत्र............भारतीयता की विशिष्ट पहचान


गणतंत्र भारत के लिए कोई नई अवधारणा नहीं है| इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं कि भारत में गणराज्य की परम्परा 600 ईसा पूर्व से पहले से चली आ रही है | ये गणराज्य क्लासिक एथेंस व रोमन गणतंत्र से भी प्राचीन है | पुरातन साहित्य इस तथ्य के साक्ष्य है कि पाणिनि और बुद्ध के काल में अनेक गणराज्य थे। इसमें सबसे उल्लेखनीय है वैशाली (बिहार) का वज्जि और लिच्छवी गणराज्य । ये गणराज्य भारतीय समाज की प्राचीन राजनीतिक परंपराओं के वैचारिक उत्कर्ष थे जो यह साबित करते है कि भले भी वह आज के आधुनिक गणतंत्रों की तरह वयस्‍क मताधिकार पर आधारित नहीं थे लेकिन वह अपने युग में 'विशुद्ध राजतंत्र' के राजनैतिक और सामाजिक विकल्प थे | 1830 के दशक में भारत के गवर्नर जनरल रहे सर चार्ल्स मेटकाफ ने लिखा, ‘ग्रामीण समुदाय कुछ हद तक गणराज्य थे, जो वे चाहते, वे सारी चीजें उनके पास होतीं और किसी भी तरह के विदेश संबंध से वे आजाद थे।ये वही आत्मनिर्भर, स्व-शासित ग्रामीण गणराज्य थेजिन्होंने महान भारतीय सभ्यता की निरंतरता और अस्तित्व को बनाए रखा। इस तरह गणतंत्र भारतवासियों के डीएनए में मौजूद है। यहां तक कि तुर्क और मुग़ल से लेकर सबसे शक्तिशाली ब्रिटिश साम्राज्य भी इसे ध्वस्त नहीं कर सके | पहले साम्राज्यवादी और बाद में वामपंथी इतिहासकारों ने बार-बार यह भ्रम फ़ैलाने की कोशिश की कि भारत एक राजनैतिक इकाई के रूप में सदा 'निरंकुश राजाओं' से शासित रहा है | उनका हित इस परिकल्पना में ही सधता था कि भारतीय समाज अपने में ही खोया हुआ समुदाय रहा है जिसमें आम सहमति से निर्णय लेने का अभाव था |
लेकिन 26 जनवरी को मनाया जाने वाला गणतंत्र का राष्ट्रीय उत्सव पूर्व के गणराज्य से इस अर्थ में गौरवपूर्ण है कि यह त्याग, बलिदान और शहादत से अर्जित किया हुआ गणतंत्र है | यह औपनिवेशिकता के अँधेरे से मुक्त होने के बाद स्वयं को प्रभुता-संपन्न होने की घोषणा का उत्सव है | यह उत्सव मानवहृदय की उस मूल भावना का प्रतीक है कि निरकुंश और असीमित राज्यव्यवस्थाओं वाले साम्राज्यों और सम्राटों के दमन के बावजूद हमारी मूल गणतांत्रिक परंपरा अभी भी अक्षुण्ण है। गणतंत्र का अर्थ वह शासन पद्धति जहाँ राष्ट्रप्रमुख वंशानुगत या तानाशाही तरीके से सत्ता पर कब्जा करके न आया हो बल्कि उसका निर्वाचन सीधे जनता द्वारा या जनता के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाता है | संविधान निर्माताओं को विश्वास था कि भविष्य की आने वाले पीढ़ियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा एक गणतांत्रिक शासन पद्धति में ही सम्भव है क्योंकि वे इस तथ्य से भली-भांति अवगत थे कि यह गणतंत्र भारतवासियों के डीएनए में मौजूद है। इसप्रकार भारतीय गणतंत्र महज एक राजनीतिक चेतना या प्रशासनिक तंत्र नहीं है, बल्कि यह भारत की अपार सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत, धर्म, आपसी सद्भाव, भाईचारा, प्रेम, सच्चाई, अनुभूति और अध्यात्म की वह अंतरयात्रा है, जिससे गुजरकर हर भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है| यह गणतंत्र भारतीयता की उस चेतना से संवलित है जिसके बिना भारतीय नागरिक का अस्तित्व शून्य है|
आजादी पाने के बाद पिछले 70 वर्षों में भारत ने बहुआयामी सामाजिक और आर्थिक प्रगति की है। अपनी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक व नैतिक मूल्यों के साथ पूरी हुई इन 7 दशकों की यात्रा ने पूरी दुनिया के मन में भारत के लिए एक आदर पैदा किया है। कृषि में आत्‍मनिर्भर होने के साथ ही दुनिया के सबसे तेजी से विकासशील देशों की श्रेणी में भारत को शुमार किया जाने लगा है। विगत दिनों दावोस में वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम (WEF) में आर्थिक जगत की वैश्विक ताकतों ने सबसे अधिक भारत की सामर्थ्य और क्षमता के प्रति उम्मीदें जतायी है| भारत की आर्थिक प्रगति और विकास दर के साथ-साथ सांस्कृतिक विशालता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी अन्य विकासशील देशों के लिए प्रेरक तत्व बने हुए हैं। अर्थात् भारत की तरफ देखने का दुनिया का नजरिया बहुत बदला है।
फिर भी वर्तमान परिवेश में ऐसा लगता है गण और तंत्र के बीच संपर्क सूत्र कही विछिन्न सा हो गया है | संविधान का गणतांत्रिक भारत कहीं लुप्त हो रहा है| किसी भी गणतंत्र का संविधान हमें दिशाबोध देता है लेकिन चलने की ऊर्जा और आत्मानुशासन तो हम सब पर निर्भर करता है | किन्तु ऐसा लगता है कि हम भटकते जा रहे है | हमारा आत्मानुशासन कमजोर पड़ता जा रहा है और विकास एवं विश्वास के धीरे-धीरे बढ़ते वृक्ष के बीच भी भ्रष्टाचार और असंवेदनहीनता का विष भी समाज में घुलता जा रहा है | आज देश की अखंडता, समता और सहिष्णुता को खुली चुनौती दी जा रही है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिमायती गण आतंकियों की फांसी पर सवाल खड़े करने वाले, देश को टुकड़े करने का नारा लगाकर देश की गणतांत्रिक ताने-बाने को नष्ट करने का कुचक्र किया जा रहा है | देश के विद्यालयों से नीति शिक्षाओं और सर्वोच्च मानवीय आदर्शों से युक्त प्रार्थनाओं को सांप्रदायिक ठहराने वाले और सत्यमेव जयते के आदर्श से किनारा करने वाले गण से कैसे अपेक्षा की जा सकती है कि वे गणतंत्र को मजबूती प्रदान कर सकेंगे ? सार्वजनिक धन का शर्मनाक हद तक दुरुपयोग, सार्वजनिक भवनों व अन्य संपत्तियों को बपौती मानकर निर्लज्जतापूर्ण उपभोग करने वाले भ्रष्टाचारी क्यों मानवाधिकार प्राप्त करने के अधिकारी हैं? ईमानदारी केवल कागजों में सिमट गई है और भ्रष्टाचरण से पूरा समाज आच्छादित हो गया है। देश के समक्ष आतंकवादी घटनाएं बड़ी चिंता एवं चुनौती का विषय है | देश का अन्नदाता किसान कर्ज के असहनीय बोझ के चलते आत्महत्या करने को विवश है| देश में प्रतिवर्ष हजारों-लाखों टन अनाज देखरेख के अभाव में गोदामों में सड़ जाने की विडंबना के बीच भूख और कुपोषण की समस्या राष्ट्रीय शर्म का विषय बन चुकी है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवायें आम आदमी की पहुँच से बाहर गई हैं | हाल ही छपी एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में अमीरों और गरीबों के बीच खाई इस कदर तेजी से बढ़ी है कि वर्ष 2017 में देश में सृजित संपत्ति का 73% मात्र 1% लोगों के पास चला गया | यह बहुत ही चिंताजनक है कि देश की बाकी बची सिर्फ 27% संपत्ति से सवा अरब लोगों की बुनियादी जरूरतें कैसे पूरी होंगी? गरीबी मनुष्य की गरिमा का अनवरत अपहरण कर रही है | यह गौरवमयी गणतंत्र के लिए बेहद शर्मिन्दगी का विषय है।
साम्प्रदायिक, जातीय, बाज़ारू, घरेलू और सामाजिक स्तर पर लोगों का हिंसात्मक व्यवहार गणतंत्र की सफलता के समक्ष एक कठिन प्रश्नचिन्ह है | यद्यपि अधिकांश भारतीय समाज अहिंसक है लेकिन हमारा समाज पहले के किसी भी समय से अधिक हिंसक हो गया है और लोगों की सहनशीलता, आन्तरिकता और संवेदना का इस कदर क्षरण होता जा रहा है कि मानवीय गरिमा ही धूमिल होती जा रही है | हमारे संविधान निर्माताओं द्वारा गणतंत्र की परिकल्पना और उसकी स्थापना के पीछे मूल दर्शन यह था कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी भीतर निहित समस्त सकारात्मक संभावनाओं के विकास के लिए एक समान अनुकूल वातावरण मिल सके, जिसे राज्य और जन के बीच पारस्परिकता के बिना गणतंत्र को सशक्त नहीं किया जा सकता  है |


Monday, 22 January 2018

स्वामी विवेकानंद..........भारतीय संस्कृति का वैश्विक प्रवक्ता


19 वीं शताब्दी में भारत में धार्मिक और सामाजिक सुधार की मोटे तौर पर दो धाराएँ थी | जिसमें एक के अग्रदूत राजा राम मोहन राय थे जो आधुनिकता चेतना और सुधार के पश्चिमी प्रारूप के समर्थक थे और प्राच्य शिक्षा एवं ज्ञान को आधुनिक चेतना के विकास में बाधक मानते थे | इसके विपरीत अन्य धारा थी जो परंपरागत धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को पुनर्गठित और संस्कारों को परिष्कार करना चाहते थे | इस धारा के प्रतिनिधि स्वामी दयानंद थे | दोनों ही धाराएँ अपने अपने दृष्टिकोण से भारतीय समाज की बुराइयों और कुरीतियों से संघर्ष कर रही थी | लेकिन स्वामी विवेकानंद इन दोनों ध्रुवों से अलग भारतीय जीवन और दर्शन को उसकी सम्पूर्णता देखते हुए और युगीन सन्दर्भों में व्याख्यायित करते हुए राष्ट्रीय चरित्र से जोड़ने का प्रयत्न किया | मानवतावाद, विश्व-बंधुत्व और वसुधैव कुटुम्बकम की उनकी परिकल्पना देश की परम्पराओं और गहरे यथार्थ बोध से विकसित है | भारतीय समाज के साथ-साथ विश्व समाज को भी भारत के सनातन मूल्यों से अवगत कराकर इतिहास के पन्नों में वे ऐसे महान व्यक्तित्व के रूप में अंकित हुए जिसने अपने ओजस्वी विचारो के द्वारा दुनिया के पटल पर भारत का नाम बुलंदियों के शिखर पर पहुँचाया ।
स्वामी विवेकानंद असीम ऊर्जा और विराट विद्वता के अद्भुत संगम थे| असीम एवं रहस्यमयी ऊर्जा उन्हें अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण परमहंस से मिली थी जबकि उनकी विद्वता का स्रोत भारतीय ऋषियों द्वारा युगों से विकसित विराट विरासत है | उनके मानस-पटल पर भारत का स्वर्णिम अतीत अंकित तो था ही, साथ ही वे अपने युग की पराधीनता की पीड़ा तथा उसके परिणामस्वरूप घटित आर्थिक दुर्दशा, सामाजिक विघटन और सांस्कृतिक अध:पतन से भी चिन्तित थे।  औपनिवेशिक राज के दौरान राजनीतिक के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और धार्मिक सभी स्तरों पर भारतीय समाज जड़ता और पतन के गर्त में पहुँच गया था | इसके ऊपर कथित रूप से पाश्चात्य संस्कृति की सर्वश्रेष्ठता की भावना और भारतीय संस्कृति को लेकर हीनता की ग्रंथि से भारतीय समाज ग्रस्त हो चुका था, जिससे बाहर निकालने, देश के नागरिकों में अपनी संस्कृति की महानता के प्रति सम्मान की भावना को पुनः स्थापित करने के लिए और राष्ट्रीयता के विकास के लिए विवेकानंद प्रथमतः देश और समाज को शिक्षित करना चाहते थे | उनका मत था कि देश की जनता को दो तरह के ज्ञान की आवश्यकता है-सांसारिक ज्ञान, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो तथा आध्यात्मिक ज्ञान, जिससे उनका आत्मविश्वास मजबूत हो। वे मैकाले द्वारा प्रतिपादित शिक्षा व्यवस्था के विरोधी थे| उनके लिए  शिक्षा का उद्देश्य व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करना है। स्वामी विवेकानंद ने प्रचलित शिक्षा को 'निषेधात्मक शिक्षा' की संज्ञा देते हुए कहा है कि जो शिक्षा जनसाधारण को जीवन संघर्ष के लिए तैयार नहीं करती, जो चरित्र निर्माण नहीं करती, जो समाज सेवा की भावना विकसित नहीं करती तथा जो शेर जैसा साहस पैदा नहीं कर सकती, ऐसी शिक्षा से क्या लाभउनका दृढ़ विश्वास था कि देश की भौतिक समृद्धि उतना ही आवश्यक है जितना व्यक्ति और समाज की आध्यात्मिक उन्नति। वे प्राय: कहा करते थे-रोटी का प्रश्न हल किये बिना भूखे मनुष्य धार्मिक नहीं बनाये जा सकते। इसलिए रोटी का प्रश्न हल करने का नया मार्ग बताना सबसे मुख्य और सबसे पहला कर्तव्य है|
स्वामी विवेकानंद के विचार, दर्शन और आदर्श भारत की अमूल्य सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर हैं।  उनके विचार और दर्शन 40 वर्ष से भी कम आयु में ही व्यक्त किए गए है | उन्होंने हमेशा युवाओं पर अपना ध्यान केंद्रित किया और अपनी ओजस्वी वाणी से युवाओं को उत्साहित किया | यही कारण है कि देश की समृद्ध ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाने और नेतृत्व करने के द्वारा देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिये भारतीय सरकार ने स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के रुप में मनाने का फैसला किया था। युवा दिवस के रूप में उनके जन्मदिवस का चुनाव करने के पीछे भारत सरकार का विचार था कि स्वामी विवेकानंद का दर्शन एवं उनका जीवन भारतीय युवकों की असीम ऊर्जा को जागृत करने के लिए प्रेरणा का बहुत बड़ा स्रोत हो सकता है|
धर्म को लेकर स्वामी विवेकानंद का मंतव्य बिल्कुल स्पष्ट था| उनका मानना था कि धर्म के मूल लक्ष्य के विषय में सभी धर्म एकमत हैं। आत्मा की भाषा एक है जबकि राष्ट्रों की भाषाएँ विभिन्न हैं, उनकी परम्परायें और जीने की शैली भिन्न है। धर्म आत्मा से सम्बन्धित है लेकिन वह विभिन्न राष्ट्रों, भाषाओं और परम्पराओं के माध्यम से प्रकट होता है। इस प्रकार यह स्पष्ट है कि संसार के सभी धर्मों में मूल आधार एकता है, यद्यपि उसके स्वरूप भिन्न-भिन्न हैं। विवेकानंद पुरोहितवाद, धार्मिक आडम्बरों, कठमुल्लापन और रूढ़ियों के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने धर्म को मनुष्य की सेवा के केन्द्र में रखकर ही आध्यात्मिक चिंतन किया था। उनके लिए मानव सेवा ही र्इश्वर सेवा था । वह भगवान ही रोगी मनुष्य, दरिद्र मनुष्य और सब प्रकार के मनुष्यों के रूप में तुम्हारे सामने खड़ा है। इसलिए उन्होंने कहा-तुम्हें सिखाया गया है कि अतिथि देवो भव, मातश् देवो भव, पितश् देवो भव, पर अब मैं तुमसे कहता हूँ दरिद्र देवो भव|
स्वामी विवेकानंद का हिन्दू धर्म के साथ-साथ वेदों और उपनिषदों पर अटूट विश्वास था। शिकागो में 1893 में शिकागो धर्म सम्मलेन में उन्होंने भारत को "हिन्दू राष्ट्र " के नाम से सम्बोधित करते हुए हिन्दू धर्म एवं संस्कृति और भारत की आध्यात्मिक परम्परा की श्रेष्ठता को पूरी दुनिया में स्थापित किया | विश्व धर्म सम्मेलन में कहा कि मुझे गर्व है कि मैं एक ऐसे धर्म से हूं, जिसने दुनिया को सहनशीलता और सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया है। अपनी वाणी की तेजस्विता से सबको बहा ले जाने की अद्भुत क्षमता को देखते हुए धर्म संसद के प्रतिनिधियों ने उनका उल्लेख ‘भारत के तूफानी साधु’ के रूप में किया है | उनके द्वारा वेदान्त दर्शन की गई सार्वभौमिक व्याख्या भारतीय दर्शन की एक अनमोल धरोहर है। वे वेदांत के ज्ञान को सदियों से शास्त्रीयता के खोल से मुक्त करना चाहते थे और सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन में पहुँचाना चाहते थे | हार्वर्ड विश्वविद्यालय के एक व्याख्यान में उन्होंने कहा था-अमूर्त अद्वैत का हमारे दैनन्दिन जीवन में जीवंत-काव्यात्मक-हो जाना आवश्यक है, अत्यधिक जटिल पौराणिकता में से मूर्त नैतिक रूप निकलने चाहिए | इसप्रकार अपने नव्य वेदान्त दर्शन में उन्होंने आधुनिक वैज्ञानिक खोजों तथा समकालीन विचारों को स्थान दिया। स्वामी विवेकानंद धर्म को भारत जीवन, समाज और राष्ट्र का प्रधान-स्वर मानते हैं। वे मानते थे कि यदि कोर्इ राष्ट्र अपनी स्वभाविक जीवन शक्ति को दूर फेंक देने की चेष्टा करे तो वह राष्ट्र काल-कवलित हो जाता है।
स्वामी विवेकानंद ने अपने गुरु स्वामी रामकृष्ण के उपदेशों और शिक्षाओं का प्रसार करने के लिए पूरे भारत का तूफानी भ्रमण किया और पूरे देश के राग-रंग को अपने भीतर समेट लिया था | यह अन्यायास नहीं था कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने विवेकानंद के जीवनीकार रोमां रोलां से कहा था—यदि आप भारत को जानना चाहते हैं, तो विवेकानंद का अध्ययन करना चाहिए | उनमें आप सब कुछ सकारात्मक ही पाएंगे |” विवेकानंद की समझाने वाली विचार शैली में बहुमुखी संवेदनशीलता प्रकट होती है | "लाइफ ऑव विवेकानंद ऐंड दि युनिवर्सल गास्पेल में रोमां रोलां लिखते है कि विवेकानंद के शब्दों में महान संगीत है, बिटोवेन की शैली के स्वर समूह, हैंडल के समवेत गीतों जैसी स्फूर्तिदायक लयें हैं|” जो भावुकता पैदा नहीं करती हैं बल्कि चेतना का स्पंदित करती है |


Friday, 22 December 2017

सनातन संस्कृति के संवाहक : महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय

सनातन संस्कृति के संवाहक : महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय


बहुमुखी प्रतिभा के धनी व सांस्कृतिक धरोहर की प्रतिमूर्ति महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय का नाम अधि‍कांश लोग अक्सर केवल बनारस हि‍न्दू विश्वविद्यालयके संस्थापक के रूप में ही याद करते है | उनके संघर्ष और सक्रियता के व्‍यापक दायरे से भारतीय समाज एक बड़ा वर्ग अनजान रहा है। स्वाधीनता आन्दोलन के दौरान  उन्होंने न सिर्फ राजनीतिक क्षेत्र में नेतृत्व किया, बल्कि वे सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी मानवता के मार्गदर्शक भी रहे । लेकिन आज़ादी के बाद सत्ताधारी कांग्रेस द्वारा परिवार केन्द्रित राजनीति से असहमति रखने वाले नेताओं को हाशिए पर धकेल देने की नीति अपनायी गई और सत्ता-केन्द्रित इतिहासकारों द्वारा इस नीति का अनुसरण किए जाने के कारण पंडि‍त मदन मोहन मालवीय के बहुआयामी संघर्ष और सक्रियता की अनदेखी की गई | इतिहास के जानकारों को छोड़ दिया जाय तो बहुत कम ही लोग यह जानते है कि मदन मोहन मालवीय जी ने महज 25 वर्ष की आयु में ही 1886 में भारतीय राष्ट्री्य कांग्रेस के दूसरे अधि‍वेशन में भाग लि‍या और उसे संबोधि‍त कि‍या। बाद में वे सन् 1909, 1918, 1932 और 1933 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए। वे एक महान देशभक्त, स्वतंत्रता सेनानी, वि‍धि‍वेत्ता, संस्कृत और अंग्रेजी के वि‍द्वान, शि‍क्षावि‍द, पत्रकार और प्रखर वक्ता थे। मालवीय जी केवल भारतीय राष्ट्री्य कांग्रेस के सक्रिय सदस्य बनकर ही नहीं रहे बल्कि हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा का सम्मान, समाज सुधार, पत्रकारिता, शैक्षणिक संप्रभुता और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए श्री गणेश करने वाले अप्रतिम सूत्रधार थे| मालवीय जी के बहुआयामी संघर्ष और परिश्रम के कारण डॉ. राधाकृष्णन ने उन्हें कर्मयोगी कहा था| मदनमोहन मालवीय जी का संपूर्ण सामाजिक-राजनीतिक जीवन हिंदुस्तान के विलुप्त गौरव और सनातन संस्कृति को स्थापित करने के लिए प्रयासरत रहा। उन्होंने केवल संस्थाएं नहीं बनाईं, बल्कि लोगों को भी बनाया। वे चाहते थे कि भारत के लोगों में हिम्मत पैदा हो, उनका सिर उन्नत हो, उन्हें अपने ऊपर भरोसा हो। यह भारतीय इतिहास की वि‍डम्‍बना ही है कि ऐसे महान कर्मयोगी को वैचारिक पूर्वग्रह के कारण मैकालेवादी-नेहरूवादी-मार्क्सवादी मानसिकता में ढले कुछ इतिहासकारों ने फुटकल खाते में डाल दिया |

1886 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के द्वितीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए जब कहा कि प्रतिनिधित्व के बिना कोई टैक्स नहीं.......प्रतिनिधि संस्थाओं को प्रतिष्ठित किए बिना भारतवासियों पर टैक्स का बोझ लादते जाना अंग्रेजों के लिए सर्वथा अनुचित है.....अच्छे अंग्रेजों को जानकर यह दुःख होगा कि भारत सरकार निरंकुश है | वह हमारे साथ गुलामों जैसा व्यवहार करती है........प्रतिनिधित्व का अधिकार हमें मिलना चाहिए तब सम्मेलन के अध्यक्ष दादा भाई नैरोजी ने कहा था-इस युवक की वाणी में स्वयं भारत माता मुखरित हो रही है | इसके बाद मालवीय जी कांग्रेस से तमाम मतभेदों के बावजूद स्वराज्य की प्राप्ति के लिए कांग्रेस में बने रहे | मालवीय जी  ने 1932 में दिल्ली अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए स्वीकार किया कि कई अवसरों पर कुछ महत्त्व के प्रश्नों पर मतभेद के बावजूद उसके प्रति मेरी श्रद्धा-भक्ति में कमी नहीं होने पायी है | अतः इस अवसर पर कांग्रेस के सिद्धांत, विचार और कार्य का पथ-प्रदर्शक बनने का आदेश मेरे लिए धर्मादेश है, जिसका पालन करना ही मेरा कर्त्तव्य है |कांग्रेस के प्रति मालवीय जी की प्रतिबद्धता के संबंध में डॉ राजेन्द्र प्रसाद ने स्वीकार किया है कि जब-जब कांग्रेस का अस्तित्व संकट में पड़ा, मालवीय जी उसका मार्गदर्शन किया | पूराने और नए लोगों के बीच मालवीय जी सेतु का काम करते थे |

मालवीय जी वैसे तो नरमदलीय थे लेकिन अनेक अवसरों पर उनके भीतर की उग्र क्रांतिकारिता प्रकट हो जाती थी | जलियांवाला कांड पर मालवीय जी नेशनल असेम्बली में लगातार तीन दिनों तक बोलते रहे | उनका भाषण सुनकर सरकारी अधिकारियों की आँखों में आंसू आ गए | गृह मंत्री विंसेट स्मिथ की पत्नी यह कहते हुए सुनी गयी कि ‘मेरे पति पंडित जी का मुकाबला नहीं कर सके|’ इंग्लैंड के समाचार पत्रों में मालवीय जी की तुलना उस समय के प्रखर वक्ताओं ग्लेडस्टोन और डिजरायली से की गई | यही नहीं मालवीय जी उग्र क्रांतिकारियों को लगातार संरक्षण, सहयोग और प्रेरणा देते रहे है| महान क्रन्तिकारी चंद्रशेखर आज़ाद अक्सर मालवीय जी परामर्श लेने आया करते थे | इस दृष्टि से वे गाँधी एवं नेहरु जैसे अन्य नरमदलीय नेताओं से अलग थे जो उग्र क्रांतिकारियों से दूरी बनाकर चलना पसंद करते थे | इसके विपरीत स्वाधीनता प्राप्ति के लिए अपनी जान हथेली पर लेकर सशस्त्र क्रांति करने वाले सभी क्रन्तिकारियों को मालवीय जी का सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त था |

महामना के अनुसार, राष्ट्रीय जागरण के लिए राष्ट्रीय शिक्षा भी आवश्यक है। उनका तर्क था- देश में उच्च शिक्षा के विकास के साथ राष्ट्रीयता की शिक्षा अनिवार्य रूप से दी जानी चाहिए,  जिससे क्षेत्रवाद, भाषावाद, जातिवाद तथा बहुधर्मवाद वाले भारत देश में सबसे ऊपर राष्ट्रीय चरित्र का विकास हो और देश में एकता स्थापित हो। जर्मनी, फ्रांस, जापान, अमेरिका आदि देशों ने अपने स्कूलों में देशभक्ति की शिक्षा देकर अपनी राष्ट्रीय शक्ति तथा दृढ़ता का निर्माण किया है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना मालवीय जी के इसी प्रगतिशील और सृजनशील व्यक्तित्व का प्रतीक है| इस विश्वविद्यालय के मानचित्र से लेकर प्राचीन धर्म-दर्शन के साथ ही आधुनिक ज्ञान-विज्ञान और टेक्नोलॉजी के अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था मालवीयजी की कल्पना का साकार प्रतिबिंब है| उन्होंने वर्तमान की आवश्यकता और भविष्य की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए भवनों के निर्माण की ऐसी योजना बनायीं कि सौ वर्ष बाद भी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की होने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके| मालवीयजी इस विश्वविद्यालय को आधुनिक युग का गुरुकुल कहते थे| इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य अन्य विश्वविद्यालयों से भिन्न है| इसका उद्देश्य गुरुकुलों की भांति शिक्षा के साथ-साथ चरित्र-निर्माण और विकास भी करना है| इस महामानव ने जिस विश्वविद्यालय की स्थापना की उसमें उनकी परिकल्पना ऐसे विद्यार्थियों को शिक्षित करके देश सेवा के लिये तैयार करने की थी जो देश का मस्तक गौरव से ऊँचा कर सकें। उनका स्पष्ट मानना था कि व्यक्ति अपने कर्तव्यों और अधिकारों का समुचित पालन तभी कर सकता है जब वह शिक्षित होगा। विश्वविद्यालय की 31 दिसम्बर 1905 की योजना के अनुसार ज्ञान के व्यापक प्रसार के साथ हिन्दू धर्म की पुरानी प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करना है | यहाँ मालवीय जी प्राचीन भारतीय धर्मं, दर्शन, साहित्य और कलाओं के साथ-साथ आधुनिक ज्ञान-विज्ञान की शिक्षा द्वारा नैतिक और भौतिक समृद्धि होते देखना चाहते थे| तत्कालीन ब्रिटिश सरकार भारत में भौतिक विकास भारतवासियों के लिए नहीं बल्कि अपने औपनिवेशिक हितों को साधने के लिए करती थी | मालवीय जी की दूरदर्शिता ने ब्रिटिश सरकार की इस धूर्तता की पहचान करने में कोई चूक नहीं की और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ही वह पहला विश्वविद्यालय है जहाँ देश में आधुनिक टेक्नोलॉजी की शिक्षा और प्रशिक्षण का सूत्रपात हुआ |

मालवीय जी चरित्र-निर्माण के लिए भारतीय विद्याओं की शिक्षा पर बल देते है| वे जहाँ धर्म, दर्शन एवं चरित्र-निर्माण को मानवता और मानव सभ्यता के विकास के लिए आवश्यक मानते थे वहीँ ज्ञान-विज्ञान तथा टेक्नोलॉजी की शिक्षा को भौतिक विकास एवं समृद्धि का कारक मानते थे| पाश्चात्य ज्ञान-विज्ञान को स्वीकार करते हुए वे भारतीय धर्म-दर्शन आदि का समन्वय करते है |

मालवीय जी गंगा की धारा के निर्बाध प्रवाह के प्रबल हिमायती थे | बहुत कम लोग इस तथ्य से अवगत होंगे कि गंगा नदी पर बांध निर्माण करने और नहर बनाने के ब्रिटिश सरकार की योजना का सर्वप्रथम विरोध पंडि‍त मदन मोहन मालवीय के दूरदर्शी नेतृत्व में ही हुआ| वैचारिक पूर्वग्रह के कारण कुछ इतिहासकारों ने भले ही इस आधार पर मालवीय जी के इस संघर्ष को महत्त्व नहीं दिया कि गंगा नदी को हिन्दू धर्मं में पवित्र स्थान प्राप्त है और गंगा नदी अविरल प्रवाह के बचाव के लिए संघर्ष में उन्हें साम्प्रदायिकता की बू आती हो, लेकिन मालवीय जी के जेहन में इस तरह की भावना परिकल्पना से परे है | गंगा नदी की जीवनदायिनी शक्ति के महत्त्व को समझते हुए उन्होंने गंगा के अविरल प्रवाह के पक्ष में जागरूकता के प्रसार के लिए 1905 में हरिद्वार में गंगा महासभा की स्थापना की | उन्होंने देश के सभी विद्वानों,  नेताओं और गुणग्राही राजाओं-महाराजाओं को गंगा महासभा के अधीन संगठित किया | उन्होंने ब्रिटिश सरकार को यह समझौता करने के लिए बाध्य कर दिया कि गंगा की धारा का प्रवाह निर्बाध होना चाहिए | इस समझौते को अविरल गंगा रक्षा समझौता 1916 कहा जाता है | इस समझौते के तहत ब्रिटिश सरकार ने स्वीकार किया किया कि गंगा की निर्बाध जल धारा पर भविष्य में किसी प्रकार का रोक नहीं लगाया जाना चाहिए | साथ ही यह प्रावधान किया गया कि गंगा की चौड़ाई में कमी या सतह में किसी भी परिवर्तन के सन्दर्भ में हिन्दू समुदाय के पूर्व सलाह के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जायेगा | शासन को यह भी वायदा करना पड़ा कि अंग्रेजी हुकुमत 40 प्रतिशत गंगाजल प्रयाग तक पहुंचाएगी | यह समझौता भारतीय संविधान की धारा 363 के अंतर्गत आज भी मौजूद है | लेकिन विडंबना यह है कि जो काम ब्रिटिश सरकार नहीं कर सकी, उसे स्वतंत्र भारत की सरकार ने किया | स्वतंत्र भारत की सरकारों ने इस समझौते का बार-बार उलंघन करते हुए टिहरी सहित कई बांधों के द्वारा गंगा नदी के जल प्रवाह को कैद कर लिया |

हिन्दी भाषा के उत्थान और हिन्दी को राष्ट्रभाषा के पद पर प्रतिष्ठित कराने में मालवीय जी की भूमिका ऐतिहासिक है। राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी को स्थापित करने के प्रयत्न को उन्होंने राष्ट्र की संप्रभुता से जोड़ कर देखा | साहित्य सृजन के स्तर पर हिंदी की अस्मिता और संप्रभुता को स्थापित करने का जो प्रयास भारतेंदु हरिश्चंद्र और उनकी मंडली ने किया, उस संघर्ष को राजनीतिक और सामाजिक आन्दोलन के रूप में परिणत करने का श्रेय मदन मोहन मालवीय को है | भारतेन्दु के सपने निज भाषा उन्नति अहै सब उन्नति कै मूल  को साकार करने का भागीरथ कार्य मालवीयजी तथा उनके सहयोगियों ने अपने हाथों में लिया ।

19 वीं शताब्दी तक उत्तर प्रदेश की राजभाषा के रूप में हिन्दी का कोई स्थान नहीं था। हि‍न्दी को अदालतों से बाहर नि‍कालने के कार्य में तो मुसलमानों को सफलता मि‍ल चुकी थी, अब वे इसे शि‍क्षा क्षेत्र से बाहर नि‍कालने में प्रयत्नशील थे। राजा शि‍व प्रसाद और राजा लक्ष्मण सिंह एवं अन्य मनीषियों ने अदालतों में देवनागरी लि‍पि‍ के प्रवेश के लि‍ये जब-तब छि‍टपुट प्रयत्न कि‍या लेकि‍न सभी असफल रहे। अदालत व सरकारी कार्यालयों में अंग्रेजी किले को ढहाने के लिए महामना मदन मोहन मालवीय ने इस प्रयास को राष्ट्रीय आन्दोलन से जोड़ दिया | उन्हीं के प्रयास से सन् 1884 में प्रयाग में हिन्दी उद्धारिणी प्रतिनिधि मध्य सभा की स्थापना हुई | काशी नागरी प्रचारिणी सभा की स्थापना सन् 1893 ई. में हुई थी। यह हिन्दी के लिए पहली सुनियोजित लड़ाई थी, जिसने जनमानस में हिन्दी के प्रति अपराजेय लालसा को जन्म दिया। मालवीयजी के परामर्श से बाबू श्यामसुन्दर दास ने कार्यक्रम को आन्दोलन के रूप में चलाने के लिए नगरों में समितियाँ गठित कीं। इस सभा के माध्यम से एक ओर तो मालवीय जी ने देवनागरी लि‍पि‍ के पक्ष में हस्ताक्षर अभि‍यान चलाया, दूसरी ओर गहरी छानबीन के साथ नागरी के पक्ष में प्रमाण और आंकड़े इकट्ठे कि‍ये। बहुत सी सामग्री एकत्रि‍त कर कोर्ट कैरेक्‍टर एण्‍ड प्रायमरी एजुकेशन इन नार्थ वेस्‍टर्न प्रौवि‍न्‍सेज नाम की पुस्तक लि‍खी और पश्चिमोत्तर प्रदेश व अवध के गवर्नर सर एंटोनी मैकडोनेल के सम्मुख विविध प्रमाण प्रस्तुत करके 1898 ई0 में देवनागरी लिपि और हिन्दी भाषा को कचहरियों में प्रवेश दिलाने में सफल हुए | 18 अप्रैल सन् 1900 ई. को सरकारी गजट के तहत अदालतों, शासकीय कार्यालयों को निर्देश दे दि‍या गया कि‍ सभी कागजात जैसे सम्‍मन आदि‍, जो सरकार की ओर से जनता के लि‍ए नि‍काले जायेंगे वह दोनों लि‍पि‍यों यानी नागरी और फारसी में होंगे। सरकार ने इसके साथ ही यह भी घोषणा कर दी कि‍ आगे कि‍सी भी व्‍यक्‍ति‍  को तभी सरकारी नौकरी मि‍ल सकेगी जब वह हि‍न्‍दी भाषा का भी जानकार हो। जो कर्मचारी हि‍न्‍दी नहीं जानते थे उन्‍हें एक साल के भीतर हि‍न्‍दी सीखने को कहा गया अन्‍यथा वे नौकरी से अलग कर दि‍ए जायेंगे। इस प्रकार मालवीय जी के अथक प्रयास से हि‍न्‍दी का प्रवेश संयुक्‍त प्रान्‍त के शासकीय कार्यालयों में हुआ।

हिन्दी उत्तर प्रान्त की भाषा तो बन गई, परन्तु मालवीयजी उसे राष्ट्र की भाषा के पद पर प्रतिष्ठित करने के साथ ही हिंदी को विश्व भाषा बनाने का स्वप्न देखते थे | सन् 1910 में काशी में आयोजित प्रथम हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अपने अध्यक्षीय भाषण में मालवीयजी ने हिन्दी अपनाने, सरल हिन्दी का प्रयोग करने तथा अन्य भाषाओं के प्रचलित शब्द ग्रहण करने की अपील की। सन् 1919 में बम्बई में आयोजित हिन्दी साहित्य सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मालवीयजी ने कहा कि सभी भारतीय भाषाएँ आपस में बहने हैं तथा हिन्दी उनमें बड़ी बहन है। अन्य प्रादेशिक भाषाओं की अपेक्षा हिन्दी बोलने वालों की संख्या अधिक है। अत: देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली हिन्दी भाषा को राष्ट्र भाषा का स्थान दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद थी कि किसी दिन ऐसा होगा जब अंग्रेजी की तरह हिन्दी भी विश्व भाषा बनेगी। सन् 1939 में काशी में पुन: आयोजित 18 वें हिन्दी साहित्य सम्मेलन में भारतीय संविधान में हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में अभिहित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

हिंदी भाषा की गरिमा को स्थापित करने के लिए मालवीय जी परम्पराओं को तोड़ने में भी अग्रणी रहे | इतिहासकारों ने मालवीय जी के इस योगदान का उल्लेख करना उचित नहीं समझा कि जो भाषा राष्ट्रीय चेतना और अस्मिता का पर्याय बन चुकी थी, उस भाषा के साहित्य के अध्ययन एक विषय के रूप में मान्यता भारत के वि‍श्वविद्यालयों में प्राप्त नहीं थी, जिसे मालवीय जी ने बनारस हि‍न्दू‍ वि‍श्वविद्यालय में हि‍न्दी को सर्वप्रथम एक वि‍षय के रूप में अध्ययन को मान्यता दी। 1937-38 में मालवीय जी को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दीक्षांत भाषण देने के लिए आमंत्रित किया गया था। विश्वविद्यालय के इतिहास में अभी तक दीक्षांत भाषण अंग्रेजी में ही दिए जाने की परंपरा रही। लेकिन मालवीय जी ने उस परंपरा को तोड़ हिंदी में भाषण देकर देशभक्ति का अनूठा उदाहरण पेश किया। भाषण देते समय ‘सर स्पीक इन इंगलिश, वी कांट फॉलो योर हिंदी जैसे ही श्रोताओं के बीच से यह आवाज गूंजी तो पंडित मदन मोहन मालवीय जी ने जवाब दिया महाशय, मुझे भी अंग्रेजी बोलना आता है। शायद हिंदी की अपेक्षा मैं अंग्रेजी में अपनी बात अधिक अच्छे ढंग से कह सकता हूँ लेकिन मैं एक पुरानी अस्वस्थ परंपरा को तोड़ना चाहता हूँ | उनकी हिंदी के प्रति संवदेनशीलता और संघर्ष से ज्ञात होता है कि आजादी के बाद कोई दूसरा महामना नहीं हुआ, जो हिंदी को देश में बाध्यकारी भाषा बना दे।
यही नहीं शिक्षा के माध्यम के प्रश्न पर अंग्रेजों ने जब सन् 1882 ई्. में शि‍क्षा कमीशन का गठन किया तो इस आयोग में साक्ष्‍य के लिए पंडित मदनमोहन मालवीय तथा भारतेन्‍दु हरि‍श्‍चन्‍द्र चुने गए थे। भारतेन्‍दु  अस्‍वस्‍थता के कारण आयोग के सम्‍मुख उपस्‍थि‍त  नहीं हो पाये। परन्‍तु महामना आयोग के सामने उपस्‍थि‍त होकर इस बात पर जोर दि‍या था कि‍ शि‍क्षा हि‍न्‍दी भाषा में हो।

सनातन धर्म व हिन्दू संस्कृति की रक्षा और संवर्धन में मालवीयजी का योगदान अनन्य है। हिंदू समाज और भारत की प्राचीन सभ्यता तथा विविध विधाओं एवं कला की रक्षा के लिए मालवीयजी ने विशेष कार्य किया। वे  सनातन संस्कृति को पुनर्स्थापित होते देखना चाहते थे | 1923 और 1936 में वे दो बार हिंदू महासभा के प्रधान चुने गए। उनका कहना था मैं चाहता हूं कि भारत के गांव-गांव में हिंदू सभाएं स्थापित हों और हिंदुओं के शक्तिशाली संगठन हों|  लेकिन उनका हिंदुत्व संकीर्ण परिधि में सीमित नहीं था। उन्होंने एक संस्था की स्थापना की थी जिसका काम उन अस्पृश्यों को हिंदू धर्म में दीक्षित करना था, जिन्हें ईसाई मिशनरियों ने ईसाई बना दिया था। मालवीय जी में देश के विविध धर्मावलम्बियों की अनेकता को एकता के सूत्र में बांधने की अद्भुत शक्ति थी | उनके धर्म सम्मेलनों में हिन्दू के साथ ही मुसलमान और इसाई भी समान रूप से भाग लेते थे | देश के विविध धर्मावलम्बियों को वे राष्ट्रीयता के नाम पर संगठित करना चाहते थे |

मदनमोहन मालवीय के अनुसार राष्ट्रीयता और धार्मिक सहिष्णुता में कोई विरोध नहीं है | यह केवल हिन्दुओं का देश नहीं है। हिन्दुस्तान जैसे हिन्दुओं का प्यारा जन्म स्थान है, वैसे ही मुसलमानों का भी है। यह दोनों जातियां यहां बसती हैं और बसती रहेंगी। जितनी ही इन दोनों में परस्पर मेल और एकता बढ़ेगी, उतनी ही देश की उन्नति में हमारी शक्ति बढ़ेगी और इनमें जितना बैर या विरोध या अनेकता रहेगी, हम उतने ही दुर्बल होंगे। धर्म का देशभक्ति से अन्योन्याश्रित संबंध है। धर्म का परिष्कृत स्वरूप देशभक्ति में परिलक्षित होता है। यही देशभक्ति जन-जन में करुणा के रूप में परिप्लावित होती है। आज जबकि विगत कई वर्षों से सत्ता-सुख की मलाई का भोग करने वाले एवं तुष्टिकरण को धर्मनिरपेक्षता का पर्याय मानने वाले नेता और विदेशी फंडों से पोषित कुछ तथाकथित बुद्धिजीवी राष्ट्रीयता की भावना को साम्प्रदायिक और तानाशाही घोषित करने लगे है, कुछ मीडिया चैनल राष्ट्रीयता के नाम से ही अपना स्क्रीन काला करने लगे है, राष्ट्रवादी होना तथाकथित वामपंथी वैचारिक विमर्श में अपराध घोषित किया जाने लगा है, देश को टुकड़े टुकड़े करने के नारे को कुछ सिरफिरे युवाओं की नजर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता समझा जाने लगा है, अपनी आतंकी करतूतों से देश का खून बहाने वाले आतंकियों को फांसी दिए जाने के फैसलों को मानवाधिकार का हनन घोषित करने लगे है,  ऐसे समय में पंडित मदन मोहन मालवीय के विचार बेहद प्रासंगिक हो जाते है। ‘अभ्युदय’ में ‘राष्ट्रीयता और देशभक्ति’ शीर्षक से अपनी संपादकीय टिप्पणी में ‘राष्ट्रीयता’ को समझाते हुए मालवीयजी कहते है कि राष्ट्रीयता उस भाव का नाम है जो कि देश के सम्पूर्ण निवासियों के हृदयों में देश-हित की लालसा के साथ व्याप रहा हो’ जिसके आगे अन्य भावों की श्रेणी नीची ही रहती हो| वे राष्ट्रीयता की भावना को एक विराट भावना मानते है जो हमें केवल राष्ट्रभक्ति का नारा बुलंद करने की नहीं बल्कि सदैव राष्ट्रहित में चिंतन करने की प्रेरणा देने, देशहित में जीने और समाज-हित में योगदान करने की शक्ति और प्रेरणा प्रदान करती है। मौजूदा दौर में शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीयता की भावना के विरुद्ध जिस तरह से घृणा, तनाव और विद्वेष का माहौल बनाकर पूरे देश में जातीय एवं साम्प्रदयिक तनाव और क्षेत्रीय विभेद पैदा करने की कोशिश की जा रही है, ऐसे समय में मालवीय जी का चिंतन एक समरसता पूर्ण मार्ग प्रशस्त करता है |


मालवीय जी के जीते जी भारत स्वाधीन नहीं हो सका जबकि वे भारत को स्वाधीन होते देखना चाहते थे| उनकी इस अदम्य जिजीविषा के कायल महात्मा गाँधी भी थे | मालवीय जी वृद्धावस्था में जब अपने जीवन के अंतिम क्षणों में थे, तब महात्मा गाँधी उनसे मिलने गए थे और उन्होंने मालवीय जी से आग्रह किया कि-आप देश की चिंता कब छोड़ेगे.......आप मेरे ऊपर जो भार छोड़ना चाहते हो, छोड़ दो | लेकिन जब आप चिंता छोड़ दें तब अपनी शक्ति मुझे दे दें|  यह वही अदम्य शक्ति थी जिसके कारण उनके व्यक्तित्व में प्रगतिशीलता, राष्ट्रीयता और सृजनशीलता का अद्भुत संगम संभव हो सका था | उन्होंने जो कुछ भी किया, उसके मूल में केवल सेवा भावना समाहित हुआ करती थी | उन्होंने पाश्चात्य आधुनिक विचारों और व्यवहारों को भारतीय देश-काल की परिधि में और भारतीय सांस्कृतिक सांचे में ढ़ालकर ही अपनाया | 

Thursday, 16 November 2017

कृष्णा सोबती : लीक से हटकर स्त्री मन को अभिव्यक्त करने वाली कथाकार

कृष्णा सोबती : लीक से हटकर स्त्री मन को अभिव्यक्त करने वाली कथाकार

भारतीय भाषाओं के साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाने वाला देश का सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार वयोवृद्ध कथाकार कृष्णा सोबती को दिए जाने की घोषणा की गयी है| हिंदी कथा साहित्य की मजबूत स्वर रही कृष्णा सोबती को यह पुरस्कार महज उनकी सृजनशीलता की उत्कृष्टता का सम्मान नहीं है अपितु उन्हें यह पुरस्कार दिये जाने से स्वयं में ज्ञानपीठ पुरस्कार ही अधिक गौरवान्वित हुआ है | इसके पहले साहित्य अकादमी सम्मान सहित कई साहित्यिक पुरस्कारों से नवाजी जा चुकी हैं| 18 फरवरी 1924 को गुजरात (वर्तमान पाकिस्तान) में जन्मी कृष्णा सोबती की जीवन यात्रा 93 वर्ष पूरी हो गई है और 1950 में कहानी लामासे साहित्यिक सफर शुरू करने वाली सोबती की साहसपूर्ण सर्जनात्मकता अपनी सम्पूर्ण प्रखरता और उर्जा के साथ अभी भी अक्षुण्ण है| सूरजमुखी अँधेरे के’, ‘दिलोदानिश’, ‘ज़िन्दगीनामा’, ‘ऐ लड़की’, ‘समय सरगम’, ‘मित्रो मरजानी’, ‘जैनी मेहरबान सिंह’, ‘हम हशमत’, ‘बादलों के घेरे और हाल ही प्रकाशित बुद्ध का कमंडल लद्दाखऔर गुजरात पाकिस्तान से गुजरात हिन्दुस्तान उनकी कालजयी रचनाएं हैं जिसमें युग-बोध और भाव बोध जीवन की सहज लय में रच-बस कर अभिव्यक्त हुआ है |
कृष्णा सोबती स्त्री की आजादी और न्याय की पक्षधर है| आज से चार-पांच दशक पहले किसी महिला रचनाकार द्वारा प्रेम और अपने शरीर की जरूरतों या यौन जीवन के अनुभवों पर लेखन करना अत्यंत ही दुर्लभ था | लेकिन कृष्णा सोबती की सृजन यात्रा किसी भी तरह के संकोच या अपराधबोध के बिना स्त्री मन की गांठ खोल देने के लिए सन्नद्ध हो चुकी थी | साठ के दशक में आए उनके उपन्यास मित्रो मरजानीने यौनिकता के खुलेआम इजहार से हिंदी जगत में उस समय तहलका ही मचा दिया था | स्त्री होकर ऐसा साहसी लेखन करना सभी लेखिकाओं के लिए सम्भव नहीं है। यही नहीं, गुलाम भारत में जन्मीं और देश विभाजन के बाद पाकिस्तान के गुजरात की अपनी स्मृतियों की पोटली बांधकर पहली नौकरी के लिए सिरोही पहुंचने वाली कृष्णा सोबती के पास उन्ही की तरह शरणार्थी बनी और पंजाब से लेकर दिल्ली तक की हजारों महिलाओं के साझा और व्यक्तिगत अनुभव हैं| विभाजन की त्रासदी के बाद दोनों ओर महिलाओं के साथ किस तरह से असंवेदनशील और अमानवीय व्यवहार हुआ, यह अनुभव ही कृष्णा सोबती को इस महाद्वीप में विशिष्ट बनाते हैं| उन्होंने स्वीकार किया है कि मैं उस सदी की पैदावार हूं जिसने बहुत कुछ दिया और बहुत कुछ छीन लिया यानि एक थी आजादी और एक था विभाजन । मेरा मानना है कि लेखक सिर्फ अपनी लड़ाई नही लड़ता और न ही सिर्फ अपने दु:ख दर्द और खुशी का लेखा जोखा पेश करता है। लेखक को उगना होता है, भिड़ना होता है। हर मौसम और हर दौर से नज़दीक और दूर होते रिश्तों के साथ, रिश्तों के गुणा और भाग के साथ. इतिहास के फ़ैसलों और फ़ासलों के साथ। मेरे आसपास की आबोहवा ने मेरे रचना संसार और उसकी भाषा को तय किया। जो मैने देखा, जो मैने जिया वही मैंने लिखा|
विभाजन की त्रासदी को इसी नजरिये से परखते हुए कृष्णा सोबती ने हाल ही में एक अद्भुत आत्मकथात्मक उपन्यास गुजरात पकिस्तान से गुजरात हिंदुस्तानलिखा है जिसमें उन्होंने युवा दिनों की उन घटनाओं को याद किया है जो भारत और पाकिस्तान की आजादी के अंतिम दो-तीन वर्षों में घट रही थी| खासतौर से 16 अगस्त 1946 के डायरेक्ट एक्शन डेके बाद लाहौर से लेकर बिहार और बंगाल तक हिंसा और उस धर्म विशेष की महिलाओं के साथ अमानुषिक अत्याचार के व्यापक परिप्रेक्ष्य में स्त्री देह और मन पर क्या गुज़री है, को कृष्णा सोबती ने अत्यंत ही मनोवैज्ञानिकता के साथ बयान किया है | उपन्यास कदम दर कदम इस सवाल से जूझता चलता है, ‘बेदखल होने का मतलब क्या होता है?’ लेकिन विभाजन के बाद बेदखल होने का दर्द कुछ ऐसा था कि ‘ना कोई यहां था आंसू पोंछने के लिए और न ही कोई वहां था कंधा देने के लिए’| इस प्रकार यह उपन्यास कृष्णा सोबती की जिंदगी के एक अत्यंत ही संवेदनशील पहलू से हमें रूबरू कराता है| इस उपन्यास में उनकी कहानी सिक्का बदल गया के मानवीय संवेदनाओं के ह्रास और नैतिक मूल्यों के पतन से आगे बढ़ते हुए रिश्तों में आए बदलाव को व्यापक फलक पर अभिव्यक्त किया गया है | ‘सिक्का बदल गया’ में उस दर्द को बयान किया गया है जो सत्ता(व्यवस्था) का सिक्का बदलते ही अपने साथ के लोगों का व्यवहार कैसे बदल जाता है | दरअसल यह कहानी राजनीतिक सत्ता परिवर्तन या बदलाव की ओर संकेत करने की अपेक्षा सैंकड़ों सालों से रह रहीं दो भिन्न संस्कृतियों और धर्मों के लोगों की मनःस्थिति में आए बदलाव की ओर संकेत करती है। कुल मिलाकर यह कहानी उस तोड़-फोड़ को अभिव्यक्त करती है जो विभाजन के दौरान राजनीतिक स्तर से अधिक मानसिक और नैतिक मूल्यों के स्तर पर हुई।
स्त्री की अस्मिता और मुक्ति के सवाल के साथ स्त्री चरित्रों को लेकर निर्भिकता और  खुलापन कृष्णा सोबती के रचनाकर्म का अभिन्न अंग रहा है| स्त्रियों की मुक्ति की छटपटाहटों और घर की चहारदीवारी से बाहर निकलने की हसरतें उनके कथा साहित्य में अनायास ही नहीं चली आती हैं बल्कि उसे उन्होंने एक पारदर्शी भाषा के द्वारा महिलाओं की कल्पना के सांचे में ढाल दिया है| स्त्री मन की ग्रंथियों और उलझनों को समझने और अभिव्यक्त करने में सिद्धहस्त कृष्णा सोबती का सूरजमुखी अंधेरे के  विभाजन के बाद परिवेश में एक ऐसी लड़की की है जो बाल यौन शोषण का शिकार होती है जिसका उसकी मनःस्थिति ऐसा असर होता है कि यौनावस्था में खुद के शरीर को हर तरह से प्रयोग कर फेक दिए गए चिथड़े के समान समझने लगती है, जिसमे न कोई आकर्षण होता है, न जिसका कोई प्रयोग हो और न ही जिसकी कोई ज़रूरत महसूस करता है| मित्रो मरजानी साहित्य और देह के वर्जित प्रदेश की यात्रा है जिसमें मध्य वर्गीय/संयुक्त पारिवारिक परिवेश में मित्रो बड़ी बेबाक, निडर और सक्षम रूप से अपनी देह की माँग को किसी अपराध बोध से जोड़कर नहीं देखती । मित्रो की इस मुखरता एक ओर न केवल रुढ़िवाद को सकते में डाल देता है बल्कि लकीरवादी स्त्री चेतनावादी भी ठगी रह गई| मानवीय स्वातंत्र्य की हिमायत और रूढ़ि का प्रतिरोध कृष्णा सोबती जी के कथा साहित्य की मौलिक विशेषता है। ‘दिलोदानिश’ और ‘डार से बिछुड़ी’ नारी-उत्पीड़न की गाथाएँ हैं | ‘डार से बिछुड़ी’ में अपने मूल जड़ से कटी, बाजार में खरीदी-बेचीं, लूटी और भगाई स्त्री की कहानी है जो एक कुत्ते की तरह वफ़ादार बनकर अपने हर ‘मालिक’ को सुखी रखने की कोशिश करती है और उनके सुख-दुःख को अपना मानकर अपनी जिंदगी सार्थक करती है लेकिन अपनी सूक्ष्मता में पुरुषवादी समाज की सामंती और ऐय्याश मानसिकता की विद्रूपता को भी परत-दर-परत उघाडती भी है|  नारी मनोविज्ञान की विशेषज्ञ सोबती ने ‘दिलोदानिश’ में नारी समाज की इस विडम्बना का साक्षात्कार करती है कि नारी चाहे पत्नी हो या प्रेमिका, उपेक्षा, शोषण और उत्पीड़ित होने के लिए अभिशप्त है |    
‘समय सरगम’ जीवन के अंतिम पड़ाव पर खड़ी अरण्या के अकेलेपन के माध्यम से एक पुरानी और नई सदी के दो छोरों को समेटता हुआ और जीए हुए अनुभव की तटस्थता और सामाजिक परिवर्तन से उभरा एक अनूठा उपन्यास है। वृद्ध अरण्या अविवाहित रहने के बावजूद जीवन को अपनी शर्त्तों पर जीने में भरोसा करती है | धर्म, अध्यात्म और सामाजिक नियमों का उसके सामने कोई मूल्य नहीं है | दूसरे शब्दों में, परंपरा और आधुनिकता का समन्वय ही ‘समय सरगम’ है। `ऐ लड़की' (1991) जीवन के अंतिम पड़ाव पर एक बीमार बूढी महिला की अदम्य जिजीविषा का महाकाव्य है | वह अपनी लड़की के संवाद में अपने बीते जीवन की स्मृतियों से गुजरती है और ज़िन्दगी के सभी आयामों को छूती हैं फिर चाहे वो दुःख हो या ख़ुशी या जीवन हो या मौत, प्रेम हो या विवाह | उस बूढी महिला का दर्द न जाने कितनी सारी स्त्रियों का दर्द है, जिसने अपने हिस्से का जीवन जीया ही नहीं। फिर भी यह कहानी मौत से डरने की नहीं, बल्कि उससे जूझनेजीतने और उसके निषेध की कहानी बन जाती है| इन दोनों उपन्यासों के माध्यम से कृष्णा सोबती ने बुजुर्गों की कथा के माध्यम से जीवन के अंतिम छोर पर जी रहे लोगों की उलझनों, मानसिक द्वंद्वों, जीवन-शैली, मृत्युमय आदि कई विषयों पर दार्शनिक चिंतन प्रस्तुत किया है। इसके साथ ही नारी जीवन की बदलती सोच एवं अपने अधिकारों के प्रति सजगता को भी रेखांकित किया है। ‘बादलों के घेरे’ की कहानियों में सामाजिक परिवेश और पारिवारिक दायरे को स्वानुभूति के स्तर पर लाकर अभिव्यक्त करने के कारण इनमें नारी जीवन के प्रति गहरी संवेदनात्मक प्रतिक्रिया है | ये कहानियाँ संवेदना और शिल्प दोनों स्तरों पर कहानी के परंपरागत स्वरुप को काफी सार्थकता से तोड़ती है|
‘ज़िंदगीनामा’ (1979) में उन्होंने अपने जीवन से छूटे हुए परिवेश का रोमांटिक चित्रण करके पंजाबी समाज की साझी संस्कृति और अतीत के प्रति एक प्रकार का नॉस्टेलजिया पैदा किया है| पंजाबी संस्कृति को सम्पूर्णता में अभिव्यक्त करने वाला यह एक महाकाव्यात्मक उपन्यास है| डॉ. देवराज उपाध्याय के अनुसार-यदि किसी को पंजाब प्रदेश की संस्कृति, रहन-सहन, चाल-ढाल, रीति-रिवाज की जानकारी प्राप्त करनी हो, इतिहास की बातजाननी हो, वहाँ की दन्त कथाओं, प्रचलित लोकोक्तियों तथा 18वीं, 19वीं शताब्दी की प्रवृत्तियों से अवगत होने की इच्छा हो, तो जि़न्दगीनामासे अन्यत्र जाने की ज़रूरत नहीं|’ इसी उपन्यास के लिए सोबती को हिंदी में साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला जो यह पुरस्कार पाने वाली पहली महिला लेखिका बनीं|
बुद्ध का कमंडल लद्दाखभी एक तरह से नारी दृष्टि से लद्दाख की संस्कृतिक, सामाजिक राजनीतिक यात्रा है| कृष्णा सोबती के अनुसार स्त्रियों की देह प्रकृति और हमारे बीच एक फिल्टर की तरह हो जाती है और तब हम न देह का आनंद पा पाते हैं, और न प्रकृति का | वे मानती है कि स्त्रियों के लिए यात्राएं आसान नहीं नहीं हैं, बाहर से बचते हुए स्त्री अक्सर अपनी देह में कैद हो जाती है, उस देह को होनेवाले खतरों की कल्पना में और विडम्बना यह कि खतरा किसी कीड़े-मकोड़े या भालू से नहीं बल्कि पुरुष से | नारी स्वतंत्रता और अस्मिता की पक्षकार सोबती खुद को पाने के लिए, खुद से प्यार करने के लिए, तयशुदा जवाबों को घर पर छोड़ कर सिर्फ सवालों को पाने के लिए कभी खुद से बाहर निकलने का समर्थन करती हैं |
कृष्णा सोबती का रचनात्मक विकास वस्तु के स्तर पर ही नहीं, भाषा और शिल्प के स्तर पर होता रहा है। उनके रचनाकर्म में भाषागत प्रयोगशीलता स्पष्ट परिलक्षित होती है| उनकी भाषिक रचनात्मकता का ताना-बाना कथ्य के अनुरूप रुपांतरित होता जाता है | उनकी हर कृति में भाषा बदलती है क्योंकि हर कृति में नए-नए चरित्रों को गढ़ने की कारीगरी और उस चरित्र का दबाव भाषिक संरचना को बदलने के लिए विवश करता है| कृष्णा सोबती के चरित्रों के संवाद ऐसे मालूम होते हैं जैसे ये संवाद स्वयं उनके सामने बोले या कहे गये हों। ‘मित्रो मरजानी’ की भाषा सोबती की भाषा नहीं है बल्कि उपन्यास की मित्रो की भाषा है जबकि ‘ए लड़की’ में भाषा का तेवर और गहराई बिल्कुल अलग है| ज़िंदगीनामा की भाषा खेतिहर समाज की भाषा है और बोलियों का अद्भुत संसार है तो ‘यारों के यार’ में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ है,  जो कुछ लोगों को बोल्ड, अश्लील और मर्दानी गालियों से अचंभित कर देने वाली भाषा लगती है| ‘दिलोदानिश’ की भाषा पुरानी दिल्ली की शहराती उर्दू की भाषा है | ‘सिक्का बदल गया’ पंजाब की पृष्ठभूमि और विभाजन के पश्चात वहाँ के माहौल को लेकर लिखी गयी है। इसकी भाषा में पंजाबी तड़का को महसूस किया जा सकता है | साथ ही विभाजन के ध्वंस के बाद विभाजन के पश्चात अपनी जड़ों से अलग होने पर मजबूर हो गये लोगों की मनःस्थिति का असल हकीकत बयान करने में सक्षम है |
इसप्रकार नूतन जीवन बोध के साथ एक विशिष्ट शिल्प विधान में कृष्णा सोबती की कथा-भूमि न केवल पाठकों और आलोचकों को चौंकाती है बल्कि एक अभिनव संदेश भी देती है | एक ओर बेखौफ और बेलौस लेकिन दूसरी ओर बिल्कुल तटस्थ रूप से स्त्री चरित्र की सहजता और संवेदना का आख्यान करने वाली इस उस्ताद कारीगर को ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाना स्वागत योग्य है, वे निःसंदेह इसकी हक़दार है |