Wednesday, 16 July 2025

एचएनआई(अधिक शुद्ध संपति वाले लोग )

 एचएनआई(अधिक शुद्ध संपति वाले लोग )

जिन व्यक्तियों या परिवारों के पास 10,00000 डॉलर से अधिक की निवेश लायक रकम होती है वे बड़े निवेशक कहलाते यानी एचएनाई कहलाते हैं। इसमें उस रियल एस्टेट प्रॉपर्टी की कीमत को शामिल नहीं किया जाता, जिनमें वे रहते हैं। इसके अलावा, अन्य उपभोग की दूसरी वस्तुएँ भी इसमें शामिल नहीं होती। अधिक शुद्ध संपति से तात्पर्य तरल (liquid) रूप उपलब्ध संपति से है । निजी वेल्थ प्रबन्धकों द्वारा ऐसे बड़े निवेशकों की काफी पूछ होती है ।  

ओपन ऑफर 

यह द्वितीयक बाजार अर्थात एक्सचेंज में पहले से सूचीबद्ध किसी कंपनी के लिए रकम जुटाने का एक जरिया है, जिसमें कंपनी अपने शेयरधारकों को मौजूदा बाजार भाव से कम पर शेयरों की खरीद के लिए प्रस्ताव करती है। राइट्स इश्यू से यह इस मायने में अलग होता है कि शेयरधारक राइट्स में मिले शेयरों को तुरंत बाजार में बेच सकते हैं, लेकिन ओपन ऑफर में मिले शेयरों को तुरंत नहीं बेचा जा सकता। कुछ निवेशक द्वितीयक बाजार में ऐसे प्रस्ताव को अच्छी खबर नहीं मानती हैं क्योंकि इससे शेयरों के कमजोर होने और कीमतों के काफी अधिक हो जाने का संकेत मिलता है ।

ओपन इंडेड म्यूचुअल फंड (Open Ended Mutual Fund)

ओपन इंडेड म्यूचुअल फंड (Open Ended Mutual Fund) : ऐसे म्यूचुअल फंड जिसमें कोई भी निवेशक फंड की अवधि के दौरान किसी भी समय पैसा लगा सकता है और पैसा निकाल सकता है । निवेशक को निवेश करने के बदले म्यूचुअल फंड के यूनिट(जिसे फंड शेयर भी कहा जाता है) मिलते हैं जिसे वह कभी भी फंड को वापस बेच सकता है । म्यूचुअल फंड के यूनिट का बाजार भाव(NV) प्रतिदिन बदलता रहता है और कोई निवेशक जिस दिन फंड का यूनिट खरीदता है या फ़ंड में निवेश करता है उस दिन के बाजार भाव के हिसाब से ही उसे यूनिट मिलते हैं।  ऐसे फ़ंडों की कोई परिपक्वता अवधि निश्चित नहीं होती। लेकिन यदि फ़ंड मैनेजर यह समझता है कि फ़ंड का कुल परिसंपत्ति (एसेट) इतनी अधिक हो गयी है कि उसके उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा नहीं किया जा सकता है तो अत्यंत विषम परिस्थिति में नए निवेशकों के लिए बंद कर दिया जाता है या पुराने निवेशकों के नए निवेश पर भी रोक लगा दिया जाता है ।

ओवरनाइट लोन (Overnight Loan) : एक बैंक द्वारा दूसरे बैंक को काफी कम अवधि के लिए दिए लोन को ओवरनाइट लोन कहा जाता है । अर्थात एक बैंक द्वारा दूसरे बैंक को सिर्फ रात भर(24 घंटे) के लिए दिया गया लोन ओवरनाइट लोन कहलाता है। यह लोन सुबह बैंक को वापस मिल जाता है।



अमेरिकी डिपॉजिटरी रसीद (American Depositary Receipt - ADR)

 

अमेरिकी डिपॉजिटरी रसीद (American Depositary Receipt - ADR)

यह किसी अमेरिकी डिपॉजिटरी बैंक द्वारा जारी किए गए समझौतापरक प्रमाण-पत्र हैं जो अमेरिकी एक्सचेंज में ट्रेड होने वाले किसी विदेशी स्टॉक(गैर-अमेरिकी कंपनी) के एक या आधी शेयरों का या उसके एक हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। एडीआर का ट्रेड अन्य शेयरों की तरह ही होता है। अमेरिकी डिपॉजिटरी रसीद(एडीआर) को अमेरिकी डॉलर व्यक्त किया जाता है जिसकी वास्तविक सिक्योरिटी विदेशी अमेरिकी वित्तीय संस्थाओं के पास होती है । यह विदेशी कंपनी के शेयर खरीदने का सबसे बेहतरीन जरिया है जिसका कोई भी लाभांश (dividend) और पूंजीगत वृद्धि अमेरिकी डॉलर में प्राप्त होता है । यदि कोई निवेशक एडीआर लेता है तो वह उस विदेशी स्टॉक, जिसका एडीआर प्रतिनिधित्व करता है, को प्राप्त करने का अधिकारी होता है। अमेरिकी निवेशक एडीआर लेना अधिक सुविधाजनक मानते हैं । एडीआर की कीमत अक्सर उस विदेशी स्टॉक की कीमत के आसपास ही होती है । लेकिन एडीआर उस देश,हाँ की कंपनी है, में मुद्राओं से जुड़े और आर्थिक एवं राजनीतिक जोखिमों को खत्म नहीं करता है । जैसे कि किसी भारतीय कंपनी का एडीआर भारतीय मुद्रा रुपये और भारतीय आर्थिक एवं राजनीतिक हलचलों से मुक्त नहीं होता है । एडीआर धारकों को लेकर डिपॉजिटरी बैंक की अनेक जिम्मेदारियाँ होती हैं । डिपॉजिटरी बैंक बैंक ऑफ न्यूयार्क सबसे बड़ा डिपॉजिटरी बैंक है । सबसे पहले एडीआर 1927 में जेपी मॉर्गन द्वारा ब्रिटेन की रीटेलर सेलफ्रीज के लिए जारी किया गया ।


अमेरिकी डिपॉजिटरी शेयर

आमतौर पर एडीआर और एडीएस एक ही माने जाते हैं। अमेरिकी एक्सचेंज में ट्रेड होने वाले किसी विदेशी स्टॉक(गैर-अमेरिकी कंपनी) के शेयरों का का प्रतिनिधित्व करने वाले अमेरिकी डिपॉजिटरी रसीद को ही अमेरिकी डिपॉजिटरी शेयर कहा जाता है । लेकिन अंतर सिर्फ यह है कि एडीएस वास्तविक शेयर कारोबार की तरह है, जबकि एडीआर के तहत कई एडीएस हो सकते हैं।

Tuesday, 15 July 2025

हिंदी: टकराव की भाषा नहीं, आत्मनिर्भर भारत की आवाज़

 हाल ही में केंद्र सरकार के आधिकारिक भाषा विभाग के स्वर्ण जयंती समारोह में गृह मंत्री अमित शाह ने एक बेहद संतुलित और प्रासंगिक बयान दिया  कि हिंदी किसी भारतीय भाषा की विरोधी नहीं है, बल्कि यह सभी भारतीय भाषाओं की मित्र है और देश में किसी विदेशी भाषा का विरोध नहीं होना चाहिए। यह बयान उस समय आया है जब कुछ राज्यों में हिंदी को "थोपी जा रही भाषा" कहकर राजनीतिक माहौल गरमाने की कोशिशें की जा रही हैं।

विगत कुछ दशकों में यह दुर्भाग्यपूर्ण प्रयास किया गया कि भारत की भाषाई विविधता को आपसी टकराव का कारण बना दिया जाए। अक्सर कुछ गलतफहमियों के चलते और कुछ राजनीतिक लाभ लेने की कुत्सित मंशा के कारण यह धारणा बनाई जाती है कि हिंदी को बाकी भाषाओं के ऊपर थोपने की कोशिश की जा रही है। यह दावा न तो वास्तविकता पर आधारित है, न संविधान की भावना के अनुरूप। इसका असली उद्देश्य भाषाई ध्रुवीकरण कर जनता को भ्रमित करना है | लेकिन इसके पीछे असल में भारत की बढती आर्थिक ताकत और आत्मनिर्भरता को देखकर असहज और अंग्रेजी या औपनिवेशिक मानसिकता से अभिशप्त लोग है | ये वही लोग हैं जो अब भी अंग्रेज़ी को सभ्यता और श्रेष्ठताकी भाषा मानते हैं, और हिंदी या अन्य भारतीय भाषाओं को स्थानीय और पिछड़ाकहकर देखना चाहते हैं। ऐसे लोग अंग्रेज़ी के प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए हिंदी और अन्य भाषाओं के बीच टकराव की हवा बनाते हैं, ताकि देश की एकता और विकास की रफ्तार को धीमा किया जा सके। लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका, क्योंकि भारत का आम नागरिक यह भली-भांति समझता है कि भाषा उसकी पहचान है, और उस पहचान के साथ राष्ट्रीय एकता भी जरूरी है। भाषाओं के नाम पर भारत को तोड़ने के प्रयास को हर बार भारत की जनता की समझदारी ने विफल कर दिया |

वर्तमान समय में जैसे-जैसे भारत की अर्थव्यवस्था का कद वैश्विक मंच पर बढ़ रहा है, हिंदी का प्रभाव भी फैल रहा है| हिंदी अपने बाजार की शक्ति को भी स्थापित कर चुकी हैव्यापार में, तकनीक में, मीडिया में और शिक्षा में। कई विदेशी यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स, और फिल्म निर्माता अब हिंदी में कंटेंट बना रहे हैं, नेटफ्लिक्स, डिज़्नी प्लस, अमेज़न प्राइम जैसी कंपनियाँ अपनी वैश्विक फिल्मों के लिए हिंदी डबिंग को प्राथमिकता देने लगी हैं क्योंकि उन्हें इसमें एक बड़ा, सक्रिय और मुनाफे वाला दर्शक वर्ग दिखाई देता है। हिंदी बोलने और समझने वालों की संख्या बहुत बड़ी है| इसका मतलब यह है हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि एक बड़ी आर्थिक ताकत है | स्टार्टअप्स, फिनटेक, हेल्थटेक, एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में अब हिंदी में कस्टमर इंटरफेस, मार्केटिंग कंटेंट और ट्रेनिंग मटेरियल तैयार हो रहा है। बायोडाटा में हिंदी भाषा का उल्लेख एक 'प्लस पॉइंट' बन रहा है | अब नौकरियों में भी हिंदी को वरीयता मिलने लगी है, विशेषकर कस्टमर सपोर्ट, सेल्स, मार्केटिंग, मीडिया, और जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में।

पहले कहा जाता था कि अंग्रेज़ी ही तरक्की की भाषा है। लेकिन अब यह धारणा टूट रही है | हिंदी में पैसा है, मार्केट है, यूज़रबेस है, और आत्मसम्मान है। यह बाज़ार की ज़रूरत बन चुकी है और बाजार वही बोलता है, जो जनता की जुबान होती है।

भाषा को केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव है | राष्ट्र निर्माण की या लोकतंत्र की जड़ें तभी गहरी होती हैं जब आम आदमी अपनी भाषा में शासन को समझे और जुड़ाव महसूस करे। आज भी बहुत से सरकारी दस्तावेज, आदेश, और संवाद अंग्रेज़ी में होते हैं, जो आम नागरिक की समझ से बाहर होते हैं। अगर प्रशासनिक कामकाज हिंदी, मराठी, तमिल, बंगाली, गुजराती या अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में हो, तो न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि आम लोगों का विश्वास भी। भाषा अगर जनता की होगी, तो शासन भी जनता का महसूस होगा। इसलिए शासन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो देश की संस्कृति, परंपरा, और जनभावनाओं का सम्मान करे।

गृहमंत्री द्वारा राज्यों से यह आग्रह कि इंजीनियरिंग और चिकित्सा की पढ़ाई राज्य की भाषा में हो, यह केवल भाषाई आग्रह नहीं, बल्कि शैक्षणिक न्याय और बौद्धिक आत्मनिर्भरता का प्रस्ताव है। बच्चों को यदि गणित, विज्ञान, इंजीनियरिंग और चिकित्सा जैसे विषय उनकी अपनी भाषा में मिलें, तो उनकी सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाएगा। दुनिया के कई विकसित देशजैसे जर्मनी, जापान, फ्रांसअपने यहां मातृभाषा में ही उच्च शिक्षा देते हैं, फिर भारत क्यों नहीं?

भारत केवल एक भूगोल नहीं है, यह विविध भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का एक जीवंत संगम है। भाषाई विविधता भारत की सबसे बड़ी ताक़त है। जिसे अपनी भाषा से प्रेम नहीं, वह अपने इतिहास और संस्कृति को भी नहीं समझ सकता। भारतीय भाषाएं लोकगीतों, महाकाव्यों, परंपराओं, और जनजीवन की जीवित परछाइयां हैं। अगर इन भाषाओं को शिक्षा और प्रशासन से अलग किया गया, तो धीरे-धीरे हमारी सांस्कृतिक जड़ें कमजोर होती जाएंगी।

आजकल एक विचित्र स्थिति देखने को मिलती है| चाहे वह सोशल मीडिया पोस्ट हो, टीवी डिबेट हो या जनसभा का भाषण, क्षेत्रीय भाषाओं की हिमायत और हिंदी का विरोध हिंदी भाषा में ही होती है। यह न केवल विडंबनात्मक है, बल्कि यह दिखाता है कि हिंदी की पहुंच और स्वीकार्यता इतनी व्यापक है कि विरोध करने वाला भी उससे बाहर नहीं जा सकता। हिंदी का विरोध यदि हिंदी में ही करना पड़े, तो समझ लीजिए कि हिंदी अब भाषा नहीं, वास्तविकता बन चुकी है और उस वास्तविकता से मुंह मोड़ने की नहीं, समझदारी से समाहित करने की ज़रूरत है।

संविधान में हिंदी के साथ 22 अन्य भाषाओँ को भी राजभाषा का दर्जा मिला हुआ है | इसका अर्थ है कि दूसरी भारतीय भाषाएँ हिंदी से कहीं भी कमतर नहीं है, और नहीं हिंदी की विरोधी है | हिंदी बाकी भारतीय भाषाओं की प्रतिद्वंद्वी नहीं है| दूसरी भारतीय भाषाओं के लिए हिंदी एक सेतु के रूप में है, जो भारत की अनेकता में एकता को स्थापित कर सके | हिंदी उत्तर भारत में जितनी सहज है, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी वह संवाद का माध्यम है, न कि कोई थोपी गई भाषा है| हिंदी वह भाषा है जो तमिल, तेलुगु, बांग्ला, मराठी, गुजराती जैसी भाषाओं की सांस्कृतिक अस्मिता को बनाए रखते हुए उन्हें आत्मसात करती है| हिंदी  दूसरी भारतीय भाषाओं की पहचान छिनती नहीं है बल्कि उनकी पहचान को एक व्यापक राष्ट्रीय, सामाजिक और सांस्कृतिक रंगमंच प्रदान करती है | जब तक भारत की हर भाषा को समान सम्मान मिलेगा, तब तक भारत एक सशक्त और एकजुट राष्ट्र बना रहेगा।

हिंदी या किसी भी भारतीय भाषा का विरोध दरअसल भारत की आत्मा का विरोध है। यह समय है जब हमें तय करना होगा कि क्या हम अपनी भाषाओं पर गर्व करेंगे और उन्हें विकास और तकनीक के साथ जोड़ेंगे, या फिर राजनीतिक भ्रम में पड़कर औपनिवेशिक सोच की मानसिकता में जकड़े रहेंगे। भाषा को हथियार नहीं, सेतु बनने दीजिए। हिंदी को दुश्मन नहीं, सहयोगी मानिए। हिंदी भाषा की अब केवल सांस्कृतिक या भावनात्मक पहचान भर नहीं, बल्कि आर्थिक, राजनीतिक  और व्यावसायिक स्तर पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुकी है।